देहरादून: कारोबारी अजय भटेजा हत्याकांड का खुलासा, सौतेले भाई ने दी थी सुपारी
देहरादून के जाखन में एक साल पहले हुए कारोबारी अजय भटेजा हत्याकांड का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। मृतक के सौतेले भाई अमित भटेजा ने संपत्ति विवाद में ...और पढ़ें

पुलिस कार्यालय में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान जानकारी देते एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल। वहीं, गिरफ्तार आरोपित।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। जाखन में एक साल पहले हुई कारोबारी अजय भटेजा की हत्या का आखिरकार दून पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। मृतक के सौतले भाई ने ही योजनाबद्ध तरीके से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुख्यात हिस्ट्रीशीटर जैकी उर्फ राजन को हायर कर हत्या की सुपारी दी थी।
घटना वाली रात शार्प शूटर जैकी अपनी प्रेमिका हुमेरा उर्फ जोया के साथ कारोबारी के घर पर रूका था। शराब पीने के बाद प्रेमिका के साथ मिलकर हत्या की घटना को अंजाम दिया। इस मामले में मुख्य साजिशकर्ता मृतक का सौतेला भाई अमित भटेजा, हुमेरा उर्फ जोया अभी फरार हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि 26 मई 2025 को जतिन कुमार निवासी जीएमएस रोड ने राजपुर थाने में तहरीर दी। बताया कि अज्ञात व्यक्ति ने उनके ममेरे भाई अजय भटेजा के निवास स्थान कृष्णा विहार जाखन में उनकी हत्या कर दी है।

उन्होंने मृतक अजय भटेजा के सौतेले भाई अमित भटेजा पर हत्या का शक जताया था। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। घटना के बाद पुलिस ने 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरे और हजारों काल डिटेल खंगाली, लेकिन हत्यारोपितों का कोई सुराग नहीं मिल पाया।
खबरें और भी
इस बीच राजपुर थानाध्यक्ष पीडी भट्ट को घटना में मुजफ्फरनगर के शातिर अपराधी राजन उर्फ जैकी के शामिल होने की जानकारी मिली। पुलिस ने 19 मई को खालापार मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश से राजन उर्फ जैकी को हिरासत में लेते हुए पूछताछ की।
राजन उर्फ जैकी ने पुलिस को बताया कि अपनी प्रेमिका के साथ मिलकर 26 मई 2025 की रात को तकिए से गला दबाकर अजय भटेजा की हत्या की। राजन उर्फ जैकी ने बताया कि वह मृतक अजय भटेजा और उसके सौतेले भाई अमित भटेजा को पिछले कई वर्षों से जानता था।

अजय भटेजा शराब पीने का आदी था, जिसके पास देहरादून व मसूरी में 50 करोड़ से अधिक की संपतियां थी। 23 मई 2025 को अमित भटेजा अपने सौतेले भाई अजय भटेजा और अन्य दो महिलाओं को मसूरी स्थित काटेज दिखाने ले गया।
एसएसपी ने बताया कि अमित भटेजा अपने सौतेले भाई अजय भटेजा पर संपत्ति का कुछ हिस्सा अपने नाम करने का दबाव बनाने लगा। अजय भटेजा ने ऐसा करने से मना कर दिया।
इसके बाद ही अमित भटेजा ने अजय भटेजा को रास्ते से हटाने की योजना बनाई और कुख्यात शूटर जैकी उर्फ राजन निवासी ग्राम उमाही कलां, थाना रामपुर मनिहारन, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश को अपने साथ मिलाया।
अजय भटेजा को रास्ते से हटाने के एवज में जाखन स्थित प्रापर्टी में से उसे आधा हिस्सा देने और नकुड़ सहारनपुर उप्र में हुए गोलीकांड जिसमें जैकी शामिल था, उसका नाम हटवाने का आफर दिया। इसके लिए जैकी तैयार हो गया।
सहारनपुर में बनाई अजय भटेजा की हत्या की योजना
अजय भटेजा की हत्या की योजना अमित भटेजा, शूटर जैकी और उसकी प्रेमिका हुमेरा उर्फ जोया ने सहारनपुर में बनाई थी। इसके बाद जैकी अपनी प्रेमिका और अमित बटेजा के अलावा नीरज देहरादून पहुंचे। नीरज को योजना के बारे में जानकारी नहीं थी।
चारों लोग मैक्स अस्पताल में भर्ती दोस्त अक्षय को देखने गए, जिसे सहारनपुर में गोली लगी थी। रात में चारों लोग अजय भटेजा के जाखन स्थित घर में रूके।
योजना के मुताबिक जैकी ने प्रेमिका उमेरा उर्फ जोया को अजय भटेजा के पास छोड़ दिया और खुद अपने अन्य साथियों के साथ मसूरी रोड स्थित ठेके में शराब लेने चला गया। जैकी ने अमित और अन्य साथियों के साथ कार मे बैठकर शराब पी। रात्रि करीब एक बजे योजना के मुताबिक जैकी अकेले अजय भटेजा के घर पहुंचा।
पहले खूब शराब पिलाई फिर तकिए से दबाया मुंह
जैकी और जोया ने अजय भटेजा को खूब शराब पिलाई और मौका देखकर तकिए से उसका का मुंह दबा दिया। नशा होने के कारण अजय भटेजा छटपटा नहीं पाया और मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई।
घटना के बाद आरोपित ने अजय भटेजा को पंखे पर लटकाने का प्रयास किया, जिससे हत्या की घटना को वह आत्महत्या का रूप दे सकें, लेकिन जल्दबाजी में वह उसे पंखे से नहीं लटका पाया। इस दौरान उसकी नजर कमरे के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे पर पड़ी।
पकड़े जान के डर से सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर निकालकर अपने साथ ले गया। घटना के बाद वह आटो से प्रेमिका के साथ आइएसबीटी पहुंचा और वहां से बस में बैठकर सहारनपुर चला गया।
यह भी पढ़ें- सेवानिवृत्त सब इंस्पेक्टर से देहरादून में 34 लाख की धोखाधड़ी, आढ़ती पर केस दर्ज
यह भी पढ़ें- देहरादून में युवतियों संग मुस्लिम युवक पकड़ा, जिस्मफरोशी का आरोप में की पिटाई