धार: दिल्ली में ट्रेन छूटने पर रेलवे स्टेशन पर गुजारनी पड़ी रात, विधायक की पहल पर विद्यार्थियों की हुई मदद
दिल्ली में ट्रेन छूटने से धार के निजी स्कूल के 107 विद्यार्थी और 13 स्टाफ सदस्य फंस गए। विधायक नीना वर्मा की पहल पर दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा ने भोजन, टिकट और बस की व्यवस्था कराकर उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की।
विस्तार
शहर के एक निजी स्कूल के शैक्षणिक भ्रमण पर दिल्ली गए 107 विद्यार्थी और 13 स्टाफ सदस्य ट्रेन छूट जाने के कारण दिल्ली में ही फंस गए। कुल 120 यात्रियों को ट्रेन छूटने के बाद पूरी रात रेलवे स्टेशन पर गुजारनी पड़ी। परेशान विद्यार्थियों ने जब इसकी जानकारी अपने परिजनों को दी तो एक परिवार ने भाजपा विधायक नीना वर्मा से संपर्क किया। विधायक ने तत्काल मामले को गंभीरता से लेते हुए दिल्ली के मंत्री एवं धार के दामाद प्रवेश वर्मा को इसकी जानकारी दी।
मामले की जानकारी मिलते ही प्रवेश वर्मा ने अपने स्टाफ को तत्काल रेलवे स्टेशन पर विद्यार्थियों के पास भेजा। सबसे पहले सभी विद्यार्थियों और स्टाफ सदस्यों के लिए चाय, नाश्ते और भोजन की व्यवस्था कराई गई। इसके साथ ही उनकी सुरक्षित वापसी के लिए जरूरी इंतजाम शुरू किए गए। डिप्टी सीएम ने विद्यार्थियों की मदद के लिए अपने स्टाफ को भी वहीं तैनात रखा, ताकि किसी को परेशानी न हो।
पढे़ं: गुजरात के भुज में ट्रक ने ट्रैक्टर को मारी टक्कर, झाबुआ के एक ही गांव के चार मजदूरों की मौत
इधर, धार जिला प्रशासन को भी मामले की जानकारी मिली। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्कूल प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर विद्यार्थियों की आगे की यात्रा की व्यवस्था सुनिश्चित की। सभी विद्यार्थियों और स्टाफ सदस्यों के लिए आगे की यात्रा के टिकटों की व्यवस्था की गई। साथ ही उन्हें सुरक्षित धार पहुंचाने के लिए बस का इंतजाम भी किया गया। मंत्री प्रवेश वर्मा ने इस दौरान आत्मीयता जताते हुए कहा कि ससुराल पक्ष से आए सभी लोग उनके परिवार के अपने हैं। विद्यार्थियों की सुरक्षित वापसी उनकी प्राथमिकता है। विधायक नीना वर्मा की पहल और मंत्री प्रवेश वर्मा के तत्काल हस्तक्षेप से दिल्ली में फंसे विद्यार्थियों को राहत मिली और उनकी घर वापसी का रास्ता साफ हुआ।

