{"_id":"6b05d0232ec1da215b0666d8","slug":"president-murmu-says-odisha-bali-jatra-will-get-unesco-intangible-cultural-heritage-status-2026-11-24","type":"story","status":"publish","title_hn":"बाली जात्रा को मिलेगी वैश्विक पहचान: यूनेस्को की धरोहर सूची में शामिल होगा उत्सव, राष्ट्रपति मुर्मू को भरोसा","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
बाली जात्रा को मिलेगी वैश्विक पहचान: यूनेस्को की धरोहर सूची में शामिल होगा उत्सव, राष्ट्रपति मुर्मू को भरोसा
Tue, 24 Nov 2026 11:33 PM IST
शिवम गर्ग
पीटीआई, कटक
पीटीआई, कटक
Published by: शिवम गर्ग
Updated Tue, 24 Nov 2026 11:33 PM IST
सार
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ओडिशा के ऐतिहासिक बाली जात्रा महोत्सव को यूनेस्को की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत सूची में शामिल किए जाने का भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि यह उत्सव ओडिशा के गौरवशाली समुद्री इतिहास और भारत-इंडोनेशिया के पुराने सांस्कृतिक संबंधों का प्रतीक है।
विज्ञापन
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू
- फोटो : Amar Ujala Graphics
विस्तार
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को ओडिशा के ऐतिहासिक बाली जात्रा महोत्सव को लेकर बड़ा भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि इस उत्सव को एक दिन यूनेस्को की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत सूची में जरूर जगह मिलेगी और इसे दुनियाभर में पहचान मिलेगी। राष्ट्रपति ने कहा कि बाली जात्रा देश का ऐसा अनूठा उत्सव है, जिसकी जड़ें भारत के समुद्री इतिहास से जुड़ी हैं।
विज्ञापन
राष्ट्रपति मुर्मू मंगलवार शाम कटक में आयोजित वार्षिक बाली जात्रा व्यापार मेले का उद्घाटन करने पहुंची थीं। इस मौके पर ओडिशा के राज्यपाल ब्रज मोहन राम, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और इंडोनेशिया का राजनयिक प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद रहा।
विज्ञापन
धर्म और कृषि से अलग है बाली जात्रा का इतिहास
राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि देश में पूरे साल कई त्योहार मनाए जाते हैं। इनमें से अधिकतर धर्म, संस्कृति या कृषि पर आधारित होते हैं। लेकिन ओडिशा का बाली जात्रा एक ऐसा ऐतिहासिक आयोजन है, जिसे त्योहार के रूप में मनाया जाता है।
विज्ञापन
उन्होंने कहा "इसमें कोई संदेह नहीं होना चाहिए कि एक दिन इसे यूनेस्को का दर्जा और दुनिया की पहचान मिलेगी।" अधिकारियों के मुताबिक, कटक के बाली जात्रा को भारत की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत की राष्ट्रीय सूची में शामिल किया जा चुका है, लेकिन अभी इसे यूनेस्को की सूची में जगह मिलना बाकी है। मुख्यमंत्री ने भी इसके लिए पहल शुरू की है।
समुद्री व्यापार से जुड़ा है बाली जात्रा का गौरवशाली इतिहास
राष्ट्रपति ने कहा कि बाली जात्रा ओडिशा के गौरवशाली इतिहास का उत्सव है। समुद्री व्यापार का इतिहास धीरे-धीरे परंपरा में बदला और यही परंपरा आगे चलकर त्योहार बन गई। यह ओडिशा के लोगों की रचनात्मकता और ऐतिहासिक सोच को दर्शाता है।
उन्होंने बताया कि ओडिशा के व्यापारी पुराने समय में व्यापार के लिए दूर-दराज के देशों की यात्रा करते थे। उन्होंने नए समुद्री रास्तों की खोज की, अंतरराष्ट्रीय संबंधों को मजबूत किया और अलग-अलग देशों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान का माध्यम बने।
भारत और इंडोनेशिया के रिश्तों को मिलेगी नई मजबूती
राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि ओडिशा और इंडोनेशिया के बाली द्वीप के बीच ऐतिहासिक संबंधों को आज के दौर में व्यापारिक और सांस्कृतिक सहयोग में बदला जा सकता है। उन्होंने आयोजन में इंडोनेशिया के सांस्कृतिक दलों की भागीदारी पर खुशी जताई।
उन्होंने बताया कि इंडोनेशिया के बाली द्वीप पर भी दो दिनों तक ओडिशा का उत्सव मनाया जा रहा है। इसमें राज्य के नृत्य, संगीत, हथकरघा, हस्तशिल्प और पारंपरिक व्यंजनों को प्रदर्शित किया जा रहा है।
मुर्मू ने विश्वास जताया कि इस तरह के सांस्कृतिक आदान-प्रदान से भारत और इंडोनेशिया के ऐतिहासिक संबंध और मजबूत होंगे। उन्होंने युवाओं से पुराने समय के व्यापारियों के साहस और क्षमता से प्रेरणा लेने की अपील भी की।
भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत, ओडिशा बन रहा औद्योगिक केंद्र
राष्ट्रपति ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का कद लगातार बढ़ रहा है। दुनिया के कई हिस्सों में अशांति और वैश्विक अर्थव्यवस्था में अस्थिरता के बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत बनी हुई है। यह विकसित भारत बनने की दिशा में एक सकारात्मक संकेत है।
उन्होंने कहा कि ओडिशा भी तेजी से औद्योगिक केंद्र के रूप में उभर रहा है और राज्य में निवेशकों की संख्या बढ़ रही है। उद्यमी, कारीगर, बुनकर और युवा अपनी प्रतिभा और मेहनत से राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत बना रहे हैं। यह विकसित ओडिशा के लक्ष्य की दिशा में उत्साहजनक प्रगति है।
60 लाख लोगों के पहुंचने की उम्मीद
कटक पहुंचने के बाद राष्ट्रपति मुर्मू ने महानदी में सजी हुई नाव से आयोजन स्थल तक यात्रा की। इस दौरान उन्होंने मेले में लगे कई स्टॉल देखे और महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों से बातचीत की।
इस साल के व्यापार मेले में करीब 1,500 स्टॉल लगाए गए हैं। कटक जिला प्रशासन की ओर से आयोजित यह महोत्सव 24 नवंबर से 1 दिसंबर तक चलेगा। अधिकारियों के मुताबिक, पिछले वर्षों में बाली जात्रा में 50 लाख से अधिक लोग पहुंचे थे। इस बार यह संख्या बढ़कर 60 लाख तक पहुंचने की उम्मीद है।
