पंजाब: पाकिस्तान गए सिख जत्थे में शामिल दो श्रद्धालुओं के परिवार आए सामने, लापता होने की खबर का खंडन
पाकिस्तान में श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के समागम में शामिल होने गए पंजाब के तीन श्रद्धालुओं के लापता होने की खबर से परिजन परेशान हो गए थे। हालांकि अब उनके परिवार सामने आए हैं। परिवारों ने स्पष्ट किया है कि तीनों श्रद्धालु पूरी तरह सुरक्षित हैं और पाकिस्तान में जत्थे के साथ ही हैं।
विस्तार
वहीं जालंधर के एक श्रद्धालु बिक्रम सिंह ने भी अपने परिवार से संपर्क कर कहा है कि वह सुरक्षित है।
अमृतसर के तेज नगर चौक निवासी बिक्रमजीत सिंह का नाम भी लापता श्रद्धालुओं में शामिल बताया जा रहा था। उनके बेटे चरणजीत सिंह ने कहा कि उनके पिता बिल्कुल सुरक्षित हैं और पाकिस्तान में गुरुद्वारा साहिब में जत्थे के साथ ही मौजूद हैं।
चरणजीत सिंह ने बताया कि कुछ समय पहले ही उनकी पिता से फोन पर बात हुई है। उनके पिता भारतीय मोबाइल नंबर का इस्तेमाल कर रहे हैं और वाई-फाई के माध्यम से परिवार के संपर्क में हैं। लापता होने की खबर सुनकर उनके पिता भी मानसिक रूप से परेशान हो गए।
उन्होंने कहा कि उनके पिता हर साल की तरह इस बार भी धार्मिक यात्रा पर गए हैं और जत्थे के साथ सुरक्षित लौटेंगे। परिवार ने अपील की कि बिना पुष्टि के ऐसी खबरें प्रसारित न की जाएं, क्योंकि इससे परिजनों को बेवजह मानसिक परेशानी होती है।
जालंधर के बिक्रम सिंह ने परिवार से किया संपर्क
श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व मनाने के लिए पाकिस्तान गए भारतीय सिख श्रद्धालुओं के जत्थे में जालंधर के श्रद्धालु बिक्रम सिंह भी शामिल हैं। उन्होंने अपने परिवार से फोन पर संपर्क कर बताया है कि वह पूरी तरह सुरक्षित हैं और एक अन्य जत्थे के साथ हैं।
बिक्रम सिंह के रिश्तेदार सतबीर सिंह ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि बिक्रम सिंह सुरक्षित हैं। उनके जत्थे से बिछड़ने की खबर किसी गलतफहमी या गलत जानकारी के कारण फैली थी।
जानकारी के मुताबिक, 22 नवंबर को भारतीय सिख श्रद्धालुओं का जत्था श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व मनाने के लिए पाकिस्तान पहुंचा था। इसी दौरान तीन श्रद्धालुओं के लापता होने की खबर सामने आई थी, जिनमें जालंधर के बिक्रम सिंह का नाम भी शामिल था।
परिवार से फोन पर बातचीत के दौरान बिक्रम सिंह ने बताया कि वह एक अलग जत्थे के साथ पंजा साहिब के दर्शन करने पहुंचे हैं। इसके बाद उनका करतारपुर में एक टूर्नामेंट देखने का कार्यक्रम है। उन्होंने बताया कि दो दिन लाहौर में घूमने के बाद वह 1 दिसंबर को भारत लौट आएंगे।
पाकिस्तान में कोई अपना ठिकाना नहीं, पुराने गांव से जुड़ा है इतिहास
बिक्रम सिंह के रिश्तेदार सतबीर सिंह ने बताया कि पाकिस्तान में बिक्रम सिंह का कोई निजी ठिकाना नहीं है। हालांकि, विभाजन से पहले उनका गांव भिंडरां मुस्लिम आबादी वाला गांव था। पहले पाकिस्तान से भी कई श्रद्धालु उनके गांव स्थित पीर बाबा की दरगाह पर माथा टेकने आते थे।
ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि पाकिस्तान में उनकी मुलाकात किसी पुराने परिचित से भी हुई हो। फिलहाल परिवार ने बिक्रम सिंह के सुरक्षित होने की जानकारी मिलने पर राहत की सांस ली है।
