Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Business ›   Business Diary ›   Trump administration considering raising tariffs on India China Section 301 probe result report

सेक्शन 301 जांच क्या है: अमेरिका को कैसे मिलता है दूसरे देशों पर कार्रवाई का अधिकार, भारत पर क्या असर?

Wed, 25 Nov 2026 08:25 AM IST
निर्मल कांत एएनआई, वाशिंगटन डीसी।
एएनआई, वाशिंगटन डीसी। Published by: निर्मल कांत Updated Wed, 25 Nov 2026 08:25 AM IST
सार

अमेरिका ने अपने व्यापार कानून की धारा 301 के तहत भारत समेत 16 अर्थव्यवस्थाओं की जांच की है। अब इस जांच के नतीजे जल्द सामने आ सकते हैं। आखिर इस कानून के तहत अमेरिका को क्या अधिकार मिलते हैं और भारत के व्यापार पर इसका क्या असर पड़ सकता है? पढ़िए रिपोर्ट

विज्ञापन
Trump administration considering raising tariffs on India China Section 301 probe result report
डोनाल्ड ट्रंप - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक

विस्तार

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भारत और चीन समेत कई देशों पर आयात शुल्क (टैरिफ) बढ़ाने की तैयारी कर रहे हैं। वॉल स्ट्रीट जर्नल की एक रिपोर्ट में यह दावा किया गया है।
विज्ञापन


रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जेमीसन ग्रीयर इस हफ्ते जांच के नतीजे घोषित कर सकते हैं। यह जांच विदेशी उद्योगों को मिलने वाली सरकारी मदद से जुड़ी है। चीन पर सबसे ज्यादा टैरिफ लगने की आशंका है।
विज्ञापन


इस साल मार्च में अमेरिका ने 16 अर्थव्यवस्थाओं की जांच शुरू की थी। अमेरिका को शक है कि विदेशी कंपनियों को उनकी सरकारें आर्थिक मदद देती हैं। इससे इन कंपनियों को अमेरिकी कंपनियों के मुकाबले ज्यादा फायदा मिलता है।
विज्ञापन
विज्ञापन


किस कानून के तहत हो रही है जांच?
यह जांच वर्ष 1974 के व्यापार कानून की धारा 301 के तहत हो रही है। इस कानून से अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि को खास अधिकार मिलते हैं। वह अनुचित व्यापार करने वाले देशों पर टैरिफ लगा सकता है। उनके खिलाफ दूसरी दंडात्मक कार्रवाई भी कर सकता है।

अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय के मुताबिक,  'विशेष 301 रिपोर्ट बौद्धिक संपदा अधिकारों के संरक्षण और उन्हें लागू करने की वैश्विक स्थिति की हर साल होने वाली समीक्षा के नतीजों को दिखाती है। यह समीक्षा अमेरिकी कांग्रेस (संसद) के आदेश पर की जाती है'।

ये भी पढ़ें: संयुक्त राष्ट्र: आतंकियों के हाथ में एआई से दुनिया को खतरा, भारत ने उठाए चार अहम मुद्दे; क्या कहा?

यह समीक्षा दुनियाभर के बाजारों में नए आविष्कारों और नवाचार को बढ़ावा देने वाले माहौल को बनाने और बनाए रखने के प्रशासन के संकल्प को दिखाती है। इसमें बौद्धिक संपदा अधिकारों का प्रभावी संरक्षण और उन्हें लागू करना भी शामिल है। इससे न केवल अमेरिका के निर्यातकों को फायदा होता है, बल्कि उन बाजारों के घरेलू उद्योगों को भी लाभ मिलता है, जो बौद्धिक संपदा पर आधारित हैं। 

किन देशों पर लग सकते हैं नए टैरिफ?
जेमीसन ग्रीयर ने उस समय कहा था कि जांच के बाद कई देशों पर नए टैरिफ लगाए जाए सकते हैं। इन देशों में चीन, यूरोपीय संघ, भारत, जापान, दक्षिण कोरिया और मेक्सिको शामिल हैं। उन्होंने आने वाली गर्मियों तक ऐसा होने की आशंका जताई थी। 

जांच का दायरा इन देशों तक ही सीमित नहीं है। इसमें कई अन्य देश भी शामिल हैं। इनमें ताइवान, वियतनाम, थाईलैंड, मलयेशिया, कंबोडिया, सिंगापुर, इंडोनेशिया, बांग्लादेश, स्विट्जरलैंड और नॉर्वे शामिल हैं।

ग्रीयर ने बताया था कि जांच में किन बातों पर ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा था, 'जांच उन अर्थव्यवस्थाओं पर केंद्रित होगी, जिनके बारे में हमारे पास सबूत हैं कि वहां अलग-अलग विनिर्माण क्षेत्रों में जरूरत से ज्यादा उत्पादन क्षमता है। इसका पता लंबे समय तक बने रहने वाले बड़े व्यापार अधिशेष या ऐसी उत्पादन क्षमता से चलता है, जिसका पूरा इस्तेमाल नहीं हो रहा है या जो बिल्कुल इस्तेमाल में नहीं है'।

जुलाई में भारत पर कितना टैरिफ लगाया था?
इस साल जुलाई में अमेरिका ने इसी प्रावधान के तहत भारत से आने वाले सामान पर 10 फीसदी अतिरिक्त टैरिफ लगाया था। यह टैरिफ सामान के मूल्य के आधार पर लगाया गया था।

अमेरिका ने भारत को क्या भरोसा दिया?
इस महीने की शुरुआत में अमेरिका ने भारत को एक भरोसा दिया था। अमेरिका ने कहा था कि प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते में भारत को फायदा मिलेगा। उसे समान अर्थव्यवस्था वाले दूसरे देशों के मुकाबले कम टैरिफ का लाभ मिल सकता है। सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी थी। हालांकि, समझौते के पहले चरण पर बातचीत जारी है। पूरे समझौते को लेकर भी चर्चा चल रही है।

अधिकारी ने कहा, 'अमेरिका ने व्यापार समझौते में भारत को उसके प्रतिस्पर्धियों के मुकाबले टैरिफ में फायदा देने का भरोसा दिया है। हमें देखना होगा कि टैरिफ का ढांचा किस तरह सामने आता है'।

उन्होंने कहा कि भारत को मिलने वाला फायदा अंतिम टैरिफ ढांचे पर निर्भर करेगा। दरअसल, अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय ने भारत के खिलाफ दूसरी जांच भी शुरू की है। इसके नतीजे अभी आने बाकी हैं।

कब तक पूरा होगा समझौते का पहला चरण?
अधिकारी के मुताबिक, भारत इस वित्त वर्ष के अंत तक समझौते का पहला चरण पूरा करना चाहता है। उन्होंने बताया कि इस पर बातचीत चल रही है। साथ ही, व्यापक द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर भी चर्चा हो रही है। दोनों समझौतों को लेकर बातचीत एक साथ की जा रही है।

चुनाव में हार के बाद भी टैरिफ पर अड़ा ट्रंप प्रशासन 
यह कदम दिखाता है कि ट्रंप प्रशासन टैरिफ लगाने से पीछे नहीं हट रहा है। इस महीने मध्यावधि चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी को बड़ा नुकसान हुआ था। इस हार की एक बड़ी वजह महंगाई और रोजमर्रा की चीजों की बढ़ती कीमतें थीं। महंगाई अब भी ऊंचे स्तर पर बनी हुई है।

इसके बावजूद प्रशासन नए टैरिफ लगाने की तैयारी कर रहा है। इससे यह भी पता चलेगा कि डेमोक्रेटिक पार्टी ट्रंप के एकतरफा लगाए गए टैरिफ का विरोध कैसे करती है। हालांकि, प्रतिनिधि सभा और सीनेट, दोनों में बहुमत होने पर भी डेमोक्रेटिक पार्टी आसानी से इन टैरिफ को नहीं हटा सकती। ट्रंप ऐसे किसी भी कानून को वीटो कर सकते हैं। यानी उसे लागू होने से रोक सकते हैं।

चीन से क्यों बढ़ रहा व्यापार तनाव?
यह फैसला ऐसे समय आया है, जब ट्रंप ने पिछले हफ्ते चीन का दौरा किया था। वह चीन के तकनीकी केंद्र शेन्जेन गए थे। इस साल चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ ट्रंप की यह तीसरी आमने-सामने की मुलाकात थी। 

अब शी जिनपिंग अगले महीने फ्लोरिडा के डोरल आ सकते हैं। यहां जी-20 शिखर सम्मेलन होना है। इसकी मेजबानी ट्रंप कर रहे हैं। ट्रंप ने शी जिनपिंग के साथ संबंध बेहतर करने की कोशिश की है। लेकिन दोनों देशों के बीच व्यापार घाटा अब भी बड़ा मुद्दा बना हुआ है।


अमेरिका को चीन के बढ़ते उत्पादन की चिंता?
चीन के कई उद्योगों में उत्पादन क्षमता बहुत ज्यादा है। इनमें कार, सौर पैनल, सीमेंट और इस्पात बनाने वाले उद्योग शामिल हैं। पिछले कुछ वर्षों में चीन के व्यापारिक साझेदारों का ध्यान इस पर बढ़ा है।

चीन के नेता भी अपनी अर्थव्यवस्था में संतुलन बनाने को प्राथमिकता दे रहे हैं। लेकिन देश के भीतर मांग धीमी हो गई है। इसके चलते कंपनियां दूसरे देशों के बाजारों में अपना कारोबार बढ़ा रही हैं। चीन का निर्यात तेजी से बढ़ा है। इससे पिछले साल उसका व्यापार अधिशेष रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। यह करीब 1.2 लाख करोड़ अमेरिकी डॉलर रहा।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें कारोबार समाचार और Union Budget से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। कारोबार जगत की अन्य खबरें जैसे पर्सनल फाइनेंस, लाइव प्रॉपर्टी न्यूज़, लेटेस्ट बैंकिंग बीमा इन हिंदी, ऑनलाइन मार्केट न्यूज़, लेटेस्ट कॉरपोरेट समाचार और बाज़ार आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed