अमेरिका: एफबीआई के अहम क्रिमिनल डेटाबेस पर साइबर हमला, जांच में जुटी एजेंसी; क्या बोले अमेरिकी राष्ट्रपति?
अमेरिका की एफबीआई अपने महत्वपूर्ण आपराधिक सूचना डेटाबेस में संभावित हैकिंग की जांच कर रही है। इस सिस्टम में अपराधियों और सुरक्षा से जुड़ी अहम जानकारियां दर्ज हैं। ट्रंप ने भी घटना पर चिंता जताई है। आखिर इस साइबर सेंधमारी का दायरा कितना बड़ा है? आइए, जानते हैं...
विस्तार
अमेरिका में संघीय जांच एजेंसी एफबीआई के एक महत्वपूर्ण आपराधिक सूचना डेटाबेस को हैक करने का मामला सामने आया है। एजेंसी इस संभावित साइबर हमले की जांच कर रही है। इस डेटाबेस में फरार अपराधियों, लापता लोगों, आपराधिक रिकॉर्ड और चोरी की संपत्तियों से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां मौजूद हैं। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें इसके बारे में अभी जानकारी मिली है और यह अच्छी बात नहीं है।
क्या है पूरा मामला?
एसोसिएटेड प्रेस के मुताबिक, एफबीआई ने अपने नेशनल क्राइम इंफॉर्मेशन सेंटर (NCIC) में संभावित सेंधमारी की जांच शुरू की है। मामले की जानकारी रखने वाले एक व्यक्ति ने शनिवार को इसकी पुष्टि की। हालांकि, उसने नाम सार्वजनिक नहीं करने की शर्त पर जानकारी दी।
NCIC एक कंप्यूटरीकृत डेटाबेस है, जिसका इस्तेमाल स्थानीय, राज्य और संघीय स्तर की कानून प्रवर्तन एजेंसियां करती हैं। इसमें फरार अपराधियों, लापता व्यक्तियों, आपराधिक इतिहास, चोरी की संपत्तियों और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों का रिकॉर्ड रखा जाता है।
ट्रंप ने क्या कहा?
इस मामले पर शनिवार को फॉक्स न्यूज चैनल के एक इंटरव्यू में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से सवाल किया गया। इस पर उन्होंने कहा, "हमें अभी इसके बारे में पता चला है और मैं कहूंगा कि यह अच्छी बात नहीं है।"
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इस संभावित हैक का दायरा कितना बड़ा है और इससे कितनी जानकारी प्रभावित हुई है। FBI ने भी इस मामले पर पूछे गए सवालों का तत्काल कोई जवाब नहीं दिया।
पहले भी हैकर्स के निशाने पर रही है FBI
अमेरिकी जांच एजेंसी एफबीआई पहले भी कई बार साइबर हमलों का निशाना बन चुकी है। सितंबर में एजेंसी ने अपनी जॉब पोर्टल वेबसाइट में हुई हैकिंग की जांच शुरू की थी। उस समय शाइनीहंटर्स नाम के एक आपराधिक हैकिंग समूह ने दावा किया था कि उसने एफबीआई के कर्मचारियों और नौकरी के आवेदकों से जुड़ा बड़ी मात्रा में डेटा हासिल किया है।
इसके अलावा मार्च में एफबीआई ने अपने एक आंतरिक सिस्टम में संदिग्ध गतिविधियों की जांच की जानकारी दी थी। इस सिस्टम में निगरानी अभियानों और जांच से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां मौजूद थीं।
सरकारी सिस्टम में तकनीकी गड़बड़ियों के बीच सामने आया मामला
अमेरिका में हाल के दिनों में सरकारी और निजी क्षेत्र के कई डिजिटल सिस्टम में तकनीकी बाधाएं भी सामने आई हैं। ट्रंप प्रशासन के अधिकारियों ने इन समस्याओं को साइबर हमलों के बजाय कंप्यूटर सिस्टम को अपग्रेड करने और सुरक्षा खामियों को ठीक करने की नियमित प्रक्रिया से जुड़ा बताया है।
