Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    ऋषिकेश: खतरे की चेतावनी को नजरअंदाज कर गंगा में नहाने गया दिल्ली का पर्यटक, घाट पर डूबकर लापता

    Updated: Sun, 14 Jun 2026 07:04 PM (IST)

    ऋषिकेश के पास शिवपुरी स्थित प्रतिबंधित यूसुफ घाट पर नहाते समय दिल्ली का एक पर्यटक गंगा में डूबकर लापता हो गया। ...और पढ़ें

    सांकेतिक तस्वीर।

    सांकेतिक तस्वीर।

    HighLights

    1. दिल्ली का पर्यटक यूसुफ घाट पर गंगा में डूबा

    2. प्रतिबंधित क्षेत्र में नहाने के दौरान हुआ हादसा

    3. एसडीआरएफ की टीम लापता युवक की तलाश में जुटी

    जागरण संवाददाता, ऋषिकेश। पुलिस प्रशासन की ओर से गंगा घाट में खतरे की चेतावनी को नजरंदाज करना दिल्ली निवासी एक पर्यटक को भारी पड़ गया।

    टिहरी जिले के शिवपुरी क्षेत्र में प्रतिबंधित यूसुफ घाट पर दोस्तों के साथ नहाने गया दिल्ली का एक पर्यटक गंगा में डूबकर लापता हो गया। एसडीआरएफ युवक की तलाश में जुटी रही, लेकिन कोई सफलता नहीं मिल सकी।

    एसडीआरएफ ढालवाला के निरीक्षक कवींद्र सजवाण ने बताया कि रविवार दोपहर 2:45 बजे जिला कंट्रोल रूम टिहरी से एसडीआरएफ को सूचना मिली कि शिवपुरी क्षेत्र में यूसुफ बीच के समीप गंगा नदी में एक युवक डूब गया है।

    इसके तुरंत बाद एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और डीप डाइविंग टीम ने आवश्यक रेस्क्यू एवं सर्च उपकरणों के साथ खोजबीन शुरू की। कहा कि देर शाम तक सर्चिंग की गई, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। सोमवार सुबह दोबारा सर्चिंग शुरू की जाएगी।

    बताया कि डूबने वाले युवक की पहचान राहुल चौहान (25) पुत्र सुभाष चौहान निवासी गदरपुर बार्डर, दिल्ली के रूप में हुई है। अन्य दोस्तों से पूछताछ में बताया गया कि राहुल अपने छह अन्य दोस्तों के साथ दिल्ली से ऋषिकेश घूमने आया था। सभी दोस्त यूसुफ घाट पर नहाने गए थे।

    इस दौरान राहुल को गंगा में गहरे पानी का अंदाजा नहीं था, वह सीधे गंगा में कूद गया और तैरने का प्रयास करने लगा, लेकिन पानी की अधिक गहराई होने के कारण वह डूबकर गायब हो गया। साथी दोस्तों ने बताया कि उन्होंने राहुल को बचाने का प्रयास किया, लेकिन नाकाम रहे।

    वहीं, मुनिकीरेती पुलिस ने राहुल के स्वजन को सूचित कर दिया है। एसडीआरएफ निरीक्षक ने बताया कि यूसुफ घाट में गंगा तट पर जल स्तर काफी गहरा है। इसलिए इस घाट पर स्नान करना व नदी तट पर घूमने पर रोक लगाई गई है। कई जगह खतरे की चेतावनी संबंधी बोर्ड भी लगाए गए हैं।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- ऋषिकेश में गंगा पार करने के चक्कर में बीच धारा में फंसे हरियाणा के 4 पर्यटक, जल पुलिस ने किया रेस्क्यू

    यह भी पढ़ें- ऋषिकेश साईं घाट पर नहाने के दौरान बह गया राजस्थान का युवक, SDRF का सर्च ऑपरेशन जारी