बुझ गया घर का चिराग: ग्रेटर नोएडा में तीन बहनों के इकलौते भाई की संदिग्ध हालात में मौत, परिवार पर टूटा कहर
दनकौर के मकनपुर खादर गांव में 11 वर्षीय बच्चे वंश की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। माना जा रहा है कि मोबाइल पर देखे स्टंट की नकल करते समय उसकी ग ...और पढ़ें
-1782089176847_m.webp)
तीन बहनों के इकलौते भाई की मौत। एआई जनरेटेड
HighLights
दनकौर में 11 वर्षीय बच्चे वंश की संदिग्ध मौत।
मोबाइल पर देखे स्टंट की नकल करते समय हुआ हादसा।
परिवार ने पोस्टमार्टम से इनकार किया, पुलिस जांच जारी।
संवाद सहयोगी, दनकौर (ग्रेटर नोएडा)। ग्रेटर नोएडा में दनकौर के मकनपुर खादर गांव में 11 वर्षीय बच्चे की संदिग्ध हालात में मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, 11 वर्षीय वंश अपने पिता सुनील की चार संतानों में इकलौता पुत्र था। उसकी तीन बहनें हैं और वह बड़ी बहन से छोटा था। वंश स्थानीय विद्यालय में पांचवीं कक्षा का छात्र था। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
खिड़की में दो जगह बांधा कपड़ा
ग्रामीणों के अनुसार, उसे मोबाइल देखने की लत थी और वह अक्सर मोबाइल पर वीडियो व स्टंट से जुड़े कार्यक्रम देखा करता था। बताया गया कि वंश शनिवार रात अन्य बच्चों के साथ अपने घेर में खेल रहा था। इसी दौरान वह अचानक कमरे के अंदर चला गया। वहां उसने खिड़की में दो जगह कपड़ा बांधा।
आशंका है कि उसने मोबाइल पर देखे गए किसी स्टंट की नकल करने का प्रयास किया। स्टंट करते समय कपड़ा उसकी गर्दन में फंस गया, जिससे उसकी गर्दन की हड्डी गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना के बाद बाद वहां खेल रहे बच्चे चीख पड़े जिनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर बेहोश पड़े वंश को लेकर उसके स्वजन कासना स्थित जिम्स लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
वहीं, वंश की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। गांव के लोगों ने भी इस घटना पर गहरा दुख जताया है।
पोस्टमार्टम कराने से किया मना
दनकौर कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार चौहान का कहना है कि मृतक किशोर के शव का पंचनामा कराया गया है, जबकि स्वजन ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। मोबाइल पर गेम खेलने जैसी कोई भी बात प्रकाश में नहीं आई है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।