नोएडा: उखड़े झूले, खराब ओपन जिम और दूषित पानी से जूझ रहे लोग; बच्चों और बुजुर्गों को हो रही ज्यादा परेशानी
नोएडा के कंचनजंगा अपार्टमेंट के निवासी पार्कों, ओपन जिम और दूषित पानी जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं, जिससे बच्चों और बुजुर्गों को परेशानी हो रही है। ...और पढ़ें
-1782092588272_m.webp)
सेक्टर-53 में ओपन जिम की उखड़ी टाइल्स। जागरण
HighLights
कंचनजंगा अपार्टमेंट के पार्कों में झूले टूटे, ओपन जिम खराब।
निवासी दूषित पानी और खाद संग्रहण स्थल से भी परेशान।
आरडब्ल्यूए की शिकायत पर प्राधिकरण ने मरम्मत कार्य शुरू किया।
स्वाति भाटिया, नोएडा। नोएडा में सेक्टर-53 स्थित कंचनजंगा अपार्टमेंट के निवासी पार्कों और ओपन जिम की खराब स्थिति से चिंतित हैं। इस अपार्टमेंट परिसर में कुल सात पार्क हैं, जिनमें छह बड़े और एक छोटा पार्क शामिल है।
इसके अलावा एक ओपन जिम भी है, लेकिन रखरखाव के अभाव में ये सुविधाएं धीरे-धीरे बदहाल होती जा रही हैं। पार्कों में झूले टूटे हुए हैं, ओपन जिम के उपकरण खराब पड़े हैं और कई स्थानों पर साफ-सफाई की कमी दिखाई देती है।
बुजुर्गों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा
कंचनजंगा अपार्टमेंट में लगभग 640 परिवार निवास करते हैं। सी-ब्लाक के तीन पार्कों में बच्चों के झूले लंबे समय से खराब हैं, जबकि डी-ब्लाक स्थित ओपन जिम की अधिकांश मशीनें उपयोग के लायक नहीं बची हैं। इससे बच्चों और बुजुर्गों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
निवासियों का कहना है कि परिसर में पानी की गुणवत्ता भी चिंता का विषय बनी हुई है। कई बार दूषित पानी की शिकायतें सामने आ चुकी हैं। इसके अलावा खाद संग्रहण स्थल की स्थिति भी खराब है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों को दिक्कत होती है।
आरडब्ल्यूए ने संबंधित विभागों को कई बार पत्र लिखकर समस्याओं के समाधान की मांग की है। कुछ कार्यों का खर्च भी निवासियों ने स्वयं वहन किया है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। लोगों का कहना है कि नियमित रखरखाव न होने से सुविधाएं लगातार खराब होती जा रही हैं।
खबरें और भी
सी-ब्लाक के पार्कों में बच्चों के झूले टूटे हुए हैं। छोटे बच्चों के खेलने के लिए सुरक्षित व्यवस्था नहीं बची है। - विमला राजोरा, निवासी
ओपन जिम की मशीनें लंबे समय से खराब पड़ी हैं। लोग व्यायाम करने आते हैं, लेकिन सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पाता। - अजय कुमार मिश्रा
पानी की गुणवत्ता को लेकर भी लगातार शिकायतें मिल रही हैं। संबंधित विभाग को कई बार जानकारी दी गई है, विभाग को इस समस्या का स्थायी समाधान करना चाहिए। - पवन कुमार तिवारी, कोषाध्यक्ष
आरडब्ल्यूए की ओर से खुद कई बार खर्च किया गया है। विभाग को बार-बार पत्र लिखे गए हैं। पार्कों, ओपन जिम और अन्य सुविधाओं का नियमित रखरखाव कराया जाना जरूरी है। - राम लखन चौधरी, अध्यक्ष आरडब्ल्यूए
पार्कों की टाइल्स और झूलों को ठीक करवाने का काम चल रहा है। सभी टाइल्स को बदला जा रहा है। - आनंद मोहन सिंह, निदेशक (उद्यान) नोएडा प्राधिकरण