नोएडा में शेयर बाजार में निवेश के नाम पर महिला से 62 लाख की ठगी, मोटे मुनाफे का लालच देकर फंसाया
नोएडा में एक गृहणी से साइबर ठगों ने शेयर बाजार में निवेश के नाम पर 62 लाख रुपये ठग लिए। ठगों ने आईपीओ और फ्यूचर ऑप्शन में मुनाफे का झांसा देकर यह रकम ...और पढ़ें

नोएडा में महिला से 62 लाख की ठगी।
जागरण संवाददाता, नोएडा। नोएडा के सेक्टर-27 में रहने वाली एक गृहणी से साइबर ठगों ने शेयर बाजार में निवेश के नाम पर 62 लाख रुपये ठग लिए। ठगों ने आइपीओ और फ्यूचर ऑप्शन में निवेश कराने का झांसा देकर यह रकम हासिल की।
वहीं, कुछ दिनों बाद जब पीड़िता ने मुनाफा समेत अपनी रकम निकालने का प्रयास किया, तो उन्हें ठगी का अहसास हुआ। इस मामले में पीड़िता ने शुक्रवार को साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पार्ट टाइम इनकम बनाने का सुझाव दिया
पीड़िता प्रीति, जिनके पति एक कंपनी में प्रबंधक हैं, शेयर बाजार में रुचि रखती हैं। तीन मार्च को ठगों ने उनके मोबाइल नंबर को मार्क सिक्योरिटीज नामक शेयर बाजार संबंधी वाट्सअप ग्रुप में जोड़ा। ठग ने खुद को डा. राजीव सिंह बताकर शेयर बाजार में निवेश कर पार्ट टाइम इनकम बनाने का सुझाव दिया।
उन्होंने पीड़िता को बताया कि शेयर और आइपीओ में 30 प्रतिशत तक मुनाफा हो सकता है। पीड़िता उनकी बातों में आ गईं और उन्होंने ठगों द्वारा बताई गई एप पर पंजीकरण किया।
इसके बाद, पीड़िता ने ठगों के बताए बैंक खातों में 17 बार में 62 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। 28 मार्च को जब उन्होंने रकम निकालने का प्रयास किया, तो ठगों ने कर समेत कई मद के एवज में चार लाख रुपये और जमा कराने को कहा। रकम नहीं देने पर ठगों ने खाते को फ्रीज करने की धमकी देकर संपर्क तोड़ लिया।
खबरें और भी
पीड़िता ने एनसीआरपी पोर्टल और साइबर क्राइम थाना पुलिस से शिकायत की। थाना प्रभारी विजय सिंह राणा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और ठगी में संलिप्त बैंक खातों की भी जांच की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अनजान व्यक्तियों के कहने पर रकम ट्रांसफर न करें।