Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    घायल गुलदार ने पकड़ने पहुंची टीम पर किया हमला, वन विभाग का एक कर्मचारी घायल; दहशत में मची भगदड़

    Updated: Tue, 16 Jun 2026 11:57 PM (IST)

    बिजनौर के उधोवाला गांव में घायल गुलदार ने पकड़ने पहुंची वन विभाग की टीम पर हमला कर एक वनकर्मी को घायल कर दिया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद गुलदार को ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. घायल गुलदार ने वनकर्मी मुजीब अहमद पर हमला किया।

    2. बिजनौर के उधोवाला गांव के जंगल में घटना हुई।

    3. दो घंटे की मशक्कत के बाद गुलदार को पकड़ा गया।

    संवाद सूत्र, कासमपुर गढ़ी (बिजनौर)। गांव उधोवाला के जंगल में लगातार गुलदार के गुर्राने की आवाज सुनकर ग्रामीण घबरा गए और वन विभाग को सूचना दी। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच में गुलदार घायल मिला। गुलदार को टीम ने पकड़ने का प्रयास किया तो गुलदार हिंसक हो गया और एक वनकर्मी पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। जिससे वहां भगदड़ मच गई। बाद में टीम ने किसी प्रकार जाल में फंसाकर गुलदार को पिंजरे में बंद किया।

    गांव उधोवाला के जंगल में हाईवे के निकट गन्ने के खेत से गुलदार के गुर्राने की लगातार आवाज आ रही थी। यहां पास की आम के बाग की रखवाली कर रहे कलवा और उसके बच्चों ने खेत मालिक को इसकी जानकारी दी। ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो देखा कि गुलदार गन्ने के खेत में छुपा हुआ था और घायल था। गुलदार के खेत में होने की सूचना खेत मालिक ने वन विभाग को दी।

    मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम

    वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। उधर, जंगल में गुलदार होने की जानकारी पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। देहरादून से नैनीताल को जा रहे हाईवे पर वाहन भी रुक गए। इससे यहां जाम की स्थिति बन गई। वन विभाग की टीम के पास उचित संसाधन न होने के कारण घायल गुलदार को पिंजरे में कैद करने में बहुत कठिनाई का सामना करना पड़ा।

    इस दौरान हिंसक हुए गुलदार ने वनकर्मी मुजीब अहमद पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वन कर्मी की हालत गंभीर देखते हुए उसको हायर सेंटर रेफर कर दिया। करीब दो घंटे की मेहनत के बाद गुलदार को जाल में फंसाकर पिंजरे में कैद किया गया।

    खबरें और भी

    टीम गुलदार को अपने साथ ले गई। वन क्षेत्र अधिकारी नगीना प्रदीप कुमार शर्मा ने बताया की नर गुलदार है। इसकी उम्र लगभग तीन वर्ष है। घायल गुलदार को उपचार के लिए पीली डैम चौकी ले जाया गया है। आशंका है कि हाईवे पार करने के दौरान किसी वाहन की चपेट में आकर गुलदार घायल हो गया।