रिलायंस इंफ्रा का AI पर बड़ा दांव: रातों-रात क्यों बदले 3 कंपनियों के नाम, क्या है मास्टरप्लान?
Reliance Infrastructure AI:
अनिल अंबानी के रिलायंस समूह की कंपनी रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और नई पीढ़ी की तकनीकों के क्षेत्र में कदम रखने का एलान किया है। कंपनी ने बताया कि वह अपनी सहयोगी कंपनियों (सब्सिडियरीज) के जरिए एआई और टेक्नोलॉजी आधारित सेवाओं के क्षेत्र में विस्तार की तैयारी कर रही है।

विस्तार
अनिल अंबानी के रिलायंस समूह की इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर ने अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और नई पीढ़ी की तकनीक की दुनिया में कदम रख दिया है। कंपनी ने सोमवार को घोषणा की कि वह अपनी सब्सिडियरी यानी सहयोगी कंपनियों के साथ मिलकर एआई इकोसिस्टम का हिस्सा बनने जा रही है। यह खबर भारत के एआई के भविष्य के लिए महत्पूर्ण है क्योंकि अब देश के बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर ग्रुप भी अपने कारोबार में एआई की तकनीक को शामिल कर रहे हैं।
कैसे काम करेगी कंपनी?
कंपनी ने शेयर बाजार को यह जानकारी साझा की है। लेकिन यह साफ नहीं किया है कि वह इस एआई प्रोजेक्ट में कितना पैसा निवेश करेगी, या इसे बाजार में उतारने की पक्की समयसीमा क्या है। हालांकि, यह साफ हो गया है कि भविष्य में कंपनी की इन सब्सिडियरीज का मुख्य काम एआई से जुड़ा होगा।
शेयर बाजार पर असर
जैसे ही यह खबर बाजार में आई, रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर के शेयर में तेजी देखने को मिली। जहां BSE (बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज) पर कंपनी के शेयरों में 5% की उछाल देखने को मिली। इस तेजी से शेयर का भाव 86.17 रुपए पर पहुंच गया। साथ ही शेयर में अपर सर्किट भी लग गया। पिछले एक साल में कंपनी के शेयर ने 20% से ज्यादा का रिटर्न दिया है। हालांकि पिछले एक साल में इसमें काफी गिरावट देखने को मिली थी।