माइक्रोसॉफ्ट सीईओ को कर्मचारियों का खुला पत्र: एआई नीतियों के खिलाफ सत्या नडेला को घेरा, जानें क्यों भड़के?
- कर्मचारियों ने मांग की है कि AI से जुड़े फैसलों में वर्कर्स और आम लोगों की राय को भी महत्व दिया जाए।
- कंपनी ने करीब 60 हजार कर्मचारियों को वॉलंटरी एग्जिट ऑफर दिया है, जो उसके इतिहास का सबसे बड़ा ऐसा ऑफर बताया जा रहा है।
- Microsoft की कमाई और Azure कारोबार में तेजी के बावजूद कर्मचारियों का आरोप है कि उनकी सैलरी में अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं हुई है।

विस्तार
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI की दुनिया में तेजी से आगे बढ़ रही माइक्रोसॉफ्ट के भीतर अब इसी तकनीक को लेकर सवाल उठने लगे हैं। कंपनी के मौजूदा और पूर्व कर्मचारियों के एक समूह ने CEO सत्या नडेला को खुला पत्र लिखकर कंपनी की नीतियों पर नाराजगी जताई है। कर्मचारियों का कहना है कि AI का भविष्य तय करने में सिर्फ कंपनी के बड़े अधिकारियों की नहीं, बल्कि कर्मचारियों और समाज की भी भागीदारी होनी चाहिए।
नडेला के बयान को ही बनाया कंपनी के खिलाफ सवाल
'कंसर्न्ड माइक्रोसॉफ्ट वर्कर्स' के नाम से जारी इस पत्र में कर्मचारियों ने सत्या नडेला के उस बयान का जिक्र किया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि AI से जुड़े फैसलों में हर शख्स की हिस्सेदारी है। कर्मचारियों ने इसी बात को आधार बनाकर कंपनी से अपनी नीतियों में बदलाव की मांग की है। उनका आरोप है कि माइक्रोसॉफ्ट कर्मचारियों पर बिना पर्याप्त ट्रेनिंग के AI टूल इस्तेमाल करने का दबाव बना रही है। इसके अलावा कंपनी पर पर्यावरण से जुड़े अपने वादों से पीछे हटने और ऐसे सरकारी समझौते करने के आरोप भी लगाए गए हैं, जिनसे मानवाधिकारों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। पत्र में कंपनी के मिशन को भी नए तरीके से पेश किया गया है।
कर्मचारियों ने रखीं ये तीन बड़ी मांगें
- कर्मचारियों की भागीदारी:AI से जुड़े फैसले लेने से पहले कर्मचारियों की राय ली जाए और उनके हितों की सुरक्षा हो।
- समुदाय की सुरक्षा:डेटा सेंटर और AI इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करते समय स्थानीय लोगों, रोजगार और पर्यावरण का ध्यान रखा जाए।
- पर्यावरण से समझौता नहीं:AI के विस्तार के नाम पर कंपनी अपने पर्यावरण संबंधी लक्ष्यों और वादों को कमजोर न करे।
- इस समूह में सिर्फ Microsoft के स्थायी कर्मचारी ही नहीं, बल्कि गिटहब और लिंकडिन से जुड़े कर्मचारी, इंटर्न, कॉन्ट्रैक्टर और वेंडर भी शामिल हो सकते हैं। पत्र में AI को लेकर बेहतर सरकारी नियम बनाने की मांग भी की गई है।
60 हजार कर्मचारियों को मिला नौकरी छोड़ने का ऑफर
कर्मचारियों का यह पत्र ऐसे समय आया है, जब माइक्रोसॉफ्ट ने 26 अक्टूबर को करीब 60 हजार कर्मचारियों के लिए वॉलंटरी एग्जिट ऑफर पेश किया है। इसे कंपनी के इतिहास का सबसे बड़ा स्वैच्छिक नौकरी छोड़ने का प्रस्ताव बताया गया है। द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, ऑफर की घोषणा के बाद बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने अपनी पात्रता जांचने के लिए कंपनी की इंटरनल वेबसाइट का रुख किया था। यह सुविधा अमेरिका, भारत, ब्रिटेन और कनाडा में चुनिंदा टीमों के लेवल 70 और उससे नीचे के योग्य कर्मचारियों के लिए है। कुछ सेल्स और इंजीनियरिंग टीमों को इससे बाहर रखा गया है। ऑफर स्वीकार करने वालों को कम से कम आठ सप्ताह की बेस सैलरी मिलेगी। अनुभव और पद के आधार पर यह रकम बढ़ सकती है। कर्मचारियों को 9 दिसंबर तक फैसला लेना है और 31 दिसंबर को कंपनी छोड़नी होगी।
रिकॉर्ड कमाई के बावजूद सैलरी बढ़ने से नाराज कर्मचारी
माइक्रोसॉफ्ट के वित्तीय आंकड़े मजबूत दिखाई दे रहे हैं। कंपनी का सितंबर तिमाही का मुनाफा 32 प्रतिशत बढ़कर 36.6 अरब डॉलर पहुंच गया। वहीं Azure की बिक्री 48 प्रतिशत बढ़कर 33.2 अरब डॉलर रही। कंपनी ने AI से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर पर 45.2 अरब डॉलर खर्च किए। इसके बावजूद कर्मचारियों का कहना है कि इस बढ़ती कमाई का फायदा उनकी सैलरी में नहीं दिख रहा। द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, कुछ कर्मचारियों को इस साल एक प्रतिशत से भी कम वेतन वृद्धि मिली है। कंपनी की चीफ पीपल ऑफिसर एमी कोलमैन ने कहा है कि वॉलंटरी एग्जिट ऑफर माइक्रोसॉफ्ट के लिए नया अनुभव है। हालांकि कंपनी ने स्पष्ट किया है कि यह ऑफर AI के कारण काम में हो रहे बदलावों से जुड़ा नहीं है।