माइक्रोसॉफ्ट आउटेज: 24 घंटे से आउटलुक, टीम्स समेत कई सेवाएं ठप, कंपनी बोली- काम नहीं कर रहे सुधार के उपाय

नीतीश कुमार
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीनीतीश कुमार
Fri, 13 Nov 2026 10:23 AM IST
सार
  • माइक्रोसॉफ्ट की क्लाउड और ऑफिस सेवाओं में शुक्रवार को बड़ा आउटेज देखने को मिला, जिससे दुनियाभर के लाखों यूजर्स प्रभावित हुए।
  • आउटलुक, Microsoft 365 Copilot और SharePoint समेत कई सेवाओं में परेशानी आई। कंपनी ने स्वीकार किया है कि समस्या ठीक करने के लिए किए गए बदलाव उम्मीद के मुताबिक काम नहीं कर रहे हैं।
  • अब माइक्रोसॉफ्ट सर्वर ट्रैफिक और नेटवर्क रूटिंग की जांच कर रहा है।
Microsoft 365 global outage outlook copilot teams SharePoint services down Microsoft fixes not working
माइक्रोसॉफ्ट की कई सेवाएं पड़ीं ठप। - फोटो : अमर उजाला

    विस्तार

    दुनियाभर में माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं का इस्तेमाल करने वाले लाखों यूजर्स को शुक्रवार को परेशानी का सामना करना पड़ा। कंपनी के Microsoft 365 प्लेटफॉर्म पर बड़ा आउटेज देखने को मिला, जिससे आउटलुक, माइक्रोसॉफ्ट कोपायलट और कई अन्य सर्विस प्रभावित हुईं। इस तकनीकी गड़बड़ी के बीच माइक्रोसॉफ्ट ने खुद माना है कि समस्या को ठीक करने के लिए किए गए बदलाव उम्मीद के मुताबिक काम नहीं कर रहे हैं।

    कई घंटो से ठप हैं माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं

    माइक्रोसॉफ्ट 365 के तहत यूजर्स को ईमेल, कैलेंडर, क्लाउड और कई तरह की प्रोडक्टिविटी सेवाएं मिलती हैं। आउटेज रिपोर्ट करने वाली वेबसाइट डाउन डिटेक्टर के मुताबिक, यूजर्स ने 12 नवंबर की दोपहर 12.30 बजे से प्लेटफॉर्म पर आउटेज को रिपोर्ट करना शुरू कर दिया था। शुरुआत में कुछ देशों से ही यूजर्स इसकी शिकायत कर रहे थे, लेकिन शाम तक कई देशों से शिकायतों की संख्या बढ़ने लगी।

    कल शाम तक लगभग 1,30,000 से ज्यादा यूजर्स ने आउटलुक, टीम्स, कोपायलट, एक्सचेंज ऑनलाइन और शेयरपॉइंट जैसी कई सेवाओं के काम न करने की जानकारी दी। डाउन डिटेक्टर के अनुसार, 13 नवंबर तक माइक्रोसॉफ्ट सेवाओं में आउटेज की समस्या 74 से ज्यादा देशों में फैल चुकी है।

    आउटलुक से लेकर कोपायलट तक प्रभावित

    माइक्रोसॉफ्ट के मुताबिक, सर्विस आउटेज के कारण यूजर्स को माइक्रोसॉफ्ट 365 की कई सेवाओं से कनेक्ट होने में परेशानी हो सकती है। खासतौर पर एक्सचेंज ऑनलाइन और ईमेल से जुड़ी सुविधाएं प्रभावित हुई हैं।

    यूजर्स आउटलुक वेब, डेस्कटॉप एप और दूसरे कनेक्शन के जरिए अपना मेलबॉक्स एक्सेस नहीं कर पा रहे हैं। इसके अलावा, ईमेल मिलने और भेजने में भी देरी हो सकती है। माइक्रोसॉफ्ट 365 के एडमिन सेंटर के पेज लोड होने में परेशानी और ऐप्स में हाल ही में इस्तेमाल की गई फाइलें नहीं दिखने की शिकायत भी सामने आई है।

    इसका असर माइक्रोसॉफ्ट 365 कोपायलट पर भी पड़ा है। कुछ यूजर्स को कोपायलट चैट लोड करने और जवाब पाने में परेशानी हो रही है। इसके अलावा, कोपायलट ईमेल, कैलेंडर और फाइलों जैसे वर्क डेटा तक भी पहुंच नहीं बना पा रहा है।

    टीम्स के कुछ फीचर्स भी प्रभावित

    माइक्रोसॉफ्ट ने बताया कि टीम्स की मुख्य सुविधाएं काफी हद तक सामान्य रूप से काम कर रही हैं। इनमें कॉल और मीटिंग जॉइन करना, ग्रुप चैट और चैनल मैसेज शामिल हैं। हालांकि, कैलेंडर से जुड़े कुछ फीचर्स, लाइव और वर्चुअल इवेंट बनाने, कोपायलट से जवाब मिलने और कॉन्टैक्ट सिंक करने में परेशानी हुई है।

    इसके अलावा, माइक्रोसॉफ्ट डिफेंडर, फैब्रिक, ग्राफ, इनट्यून, प्लानर, परव्यू, टूडू, पॉवर बीआई, शेयर पॉइंट ऑनलाइन, यूनिवर्सल प्रिंट और विंडोज 365 जैसी सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं।

    माइक्रोसॉफ्ट ने क्या कहा?

    कंपनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी कि उसने सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए कुछ बदलाव किए थे। लेकिन निगरानी के दौरान पता चला कि ये बदलाव उम्मीद के मुताबिक असर नहीं दिखा रहे हैं।

    माइक्रोसॉफ्ट अब समस्या से निपटने के लिए दूसरे विकल्पों पर काम कर रहा है। कंपनी ट्रैफिक फ्लो और प्रभावित इंफ्रास्ट्रक्चर की जांच कर रही है, ताकि सर्वर पर बढ़ते दबाव को संभाला जा सके और सेवाओं की स्थिरता बेहतर बनाई जा सके। फिलहाल कंपनी की प्राथमिकता आउटेज की असली वजह का पता लगाना और प्रभावित सेवाओं को सामान्य करना है।

    और पढ़ें...