ओडिशा विजिलेंस ने आय से अधिक संपत्ति मामले में AEE सत्यनारायण को किया गिरफ्तार, 14 एकड़ फार्म और 49 प्लॉट मिले
ओडिशा विजिलेंस ने कोटपाड़ा ब्लॉक के सहायक कार्यपालक अभियंता सत्यनारायण सेठी को आय से अधिक संपत्ति के मामले में गिरफ्तार किया है। ...और पढ़ें

एईई सत्यनारायण सेठी। फाइल फोटो
HighLights
कोटपाड़ा AEE सत्यनारायण सेठी आय से अधिक संपत्ति में गिरफ्तार।
विजिलेंस को 2 फ्लैट, 3 फार्म, 49 भूखंड, बेनामी वाहन मिले।
940 ग्राम सोना, 2.5 किलो चांदी, लाखों नकद बरामद।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा विजिलेंस ने आय से अधिक संपत्ति (डीए) मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए कोटपाड़ा ब्लॉक के सहायक कार्यपालक अभियंता (एईई) सत्यनारायण सेठी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अधिकारी को शनिवार को विजिलेंस के विशेष न्यायाधीश की अदालत, जयपुर में पेश किया जाएगा।
विजिलेंस द्वारा सेठी के विभिन्न ठिकानों पर की गई छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में चल-अचल संपत्ति का खुलासा हुआ। जांच में उनके नाम पर और बेनामी तौर पर कुल दो फ्लैट, 14 एकड़ क्षेत्र में फैले तीन फार्म, 49 मूल्यवान भूखंड तथा एक बेनामी टाटा हैरियर वाहन मिलने की जानकारी सामने आई है। इन फार्मों में आम और यूकेलिप्टस के बागान विकसित किए गए हैं।
इसके अलावा तलाशी के दौरान करीब 940 ग्राम सोना, 2.5 किलोग्राम चांदी, 5.48 लाख रुपये नकद तथा 60.92 लाख रुपये से अधिक की बैंक जमा राशि भी बरामद की गई। विजिलेंस अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ के दौरान सेठी इन संपत्तियों के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
जांच में यह भी सामने आया कि 49 भूखंडों में से 17 और दो फ्लैटों में से एक फ्लैट बेनामी नाम पर खरीदा गया था। बरामद संपत्तियों का मूल्य करोड़ों रुपये में आंका जा रहा है।
इस मामले में कोरापुट विजिलेंस थाना में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 2018 के तहत मामला संख्या 11/2026 दर्ज किया गया है। विजिलेंस अधिकारियों का कहना है कि संपत्तियों के स्रोत और अन्य वित्तीय लेनदेन की जांच जारी है। जांच के दौरान और भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।