Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   India Nepal Announce 19 Key Outcomes, Rs 15000 Crore Development Package and New Rail Links

भारत-नेपाल की दोस्ती को नई उड़ान: पीएम मोदी ने दी 15 हजार करोड़ की सौगात; किन 19 बड़े फैसलों पर लगी मुहर?

Tue, 24 Nov 2026 01:18 AM IST
शिवम गर्ग एएनआई, नई दिल्ली
एएनआई, नई दिल्ली Published by: शिवम गर्ग Updated Tue, 24 Nov 2026 01:18 AM IST
सार

प्रधानमंत्री बालेन शाह के भारत दौरे पर दोनों देशों ने 19 अहम फैसलों की घोषणा की। भारत ने नेपाल को 15 हजार करोड़ रुपये का विकास पैकेज दिया। अयोध्या-जनकपुर ट्रेन और रक्सौल-काठमांडू रेल परियोजना को भी बढ़ावा मिलेगा।

विज्ञापन
India Nepal Announce 19 Key Outcomes, Rs 15000 Crore Development Package and New Rail Links
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

भारत और नेपाल के रिश्तों को नई मजबूती देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने कई अहम फैसले लिए हैं। बालेन शाह के दो दिवसीय भारत दौरे के दौरान दोनों देशों ने कनेक्टिविटी, व्यापार, ऊर्जा, शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा समेत अलग-अलग क्षेत्रों में 19 महत्वपूर्ण नतीजों की घोषणा की। इस दौरान भारत ने नेपाल के पुनर्निर्माण और दीर्घकालिक विकास के लिए 15 हजार करोड़ रुपये के सहयोग पैकेज का एलान किया। वहीं, अयोध्या से जनकपुर के बीच नई ट्रेन सेवा शुरू करने और रक्सौल-काठमांडू रेल परियोजना को आगे बढ़ाने पर भी सहमति बनी।

विज्ञापन


नेपाल को भारत का अब तक का सबसे बड़ा 15 हजार करोड़ का पैकेज
विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने बताया कि भारत की ओर से नेपाल को दिया गया 15 हजार करोड़ रुपये का पैकेज अब तक का सबसे बड़ा वित्तीय सहायता पैकेज है। इसमें 11,500 करोड़ रुपये की रियायती ऋण सुविधा और 3,500 करोड़ रुपये की अनुदान सहायता शामिल है। उन्होंने बताया कि इस राशि का इस्तेमाल मुख्य रूप से ऊर्जा परियोजनाओं और नेपाल में इस साल आई प्राकृतिक आपदाओं के बाद पुनर्निर्माण कार्यों में किया जाएगा। किन परियोजनाओं पर कितना पैसा खर्च होगा, इसे दोनों देश आपसी बातचीत से तय करेंगे।
विज्ञापन


अयोध्या से जनकपुर के बीच चलेगी सरयू-कमला एक्सप्रेस
भारत और नेपाल के बीच धार्मिक पर्यटन और आवागमन को बढ़ावा देने के लिए नई साप्ताहिक यात्री ट्रेन सेवा सरयू-कमला एक्सप्रेस शुरू की गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बालेन शाह ने संयुक्त रूप से इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। यह ट्रेन उत्तर प्रदेश के अयोध्या कैंट से नेपाल के जनकपुर धाम तक चलेगी। इसके रास्ते में गोरखपुर, बस्ती, रक्सौल, सीतामढ़ी, मधुबनी और जयनगर जैसे प्रमुख स्टेशन आएंगे। इससे भगवान राम और माता जानकी से जुड़े धार्मिक स्थलों के बीच श्रद्धालुओं की आवाजाही आसान होगी। साथ ही दोनों देशों के बीच पर्यटन और सांस्कृतिक संबंधों को भी बढ़ावा मिलेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन


रक्सौल-काठमांडू रेल परियोजना को मिलेगी रफ्तार
दोनों देशों ने रक्सौल-काठमांडू प्रस्तावित विद्युतीकृत ब्रॉडगेज रेल लाइन के फाइनल लोकेशन सर्वे को पूरा करने की घोषणा की। इस परियोजना से भारत और नेपाल के बीच रेल संपर्क मजबूत होने की उम्मीद है। इसके अलावा उत्तराखंड के धारचूला और नेपाल के दार्चुला को जोड़ने वाले नए मोटर योग्य सीमा पुल का उद्घाटन किया गया। भारत-नेपाल सीमा पर बनबसा में नए एकीकृत चेक पोस्ट (ICP) की आधारशिला भी रखी गई। दोनों देशों ने भैरहवा, सुनौली और दोधारा चांदनी में एकीकृत चेक पोस्ट के निर्माण की प्रगति की भी समीक्षा की।

नेपाल को कांडला और पारादीप बंदरगाह तक मिलेगी पहुंच
व्यापार और माल ढुलाई को आसान बनाने के लिए भारत ने नेपाल को दो अतिरिक्त बंदरगाहों तक पहुंच देने पर सहमति जताई है। इनमें गुजरात का दीनदयाल बंदरगाह (कांडला) और ओडिशा का पारादीप बंदरगाह शामिल हैं। विदेश सचिव विक्रम मिस्री के मुताबिक, कांडला बंदरगाह के जरिए नेपाल के ट्रांजिट कार्गो को सुविधा दी जाएगी। वहीं, जरूरी बुनियादी ढांचे का काम पूरा होने के बाद पूर्वी तट पर पारादीप बंदरगाह तक भी पहुंच उपलब्ध कराई जाएगी।

नेपाल में खुलेगा IIT का कैंपस, बनेगा एग्रो-इंडस्ट्रियल पार्क
शिक्षा और कृषि के क्षेत्र में भी दोनों देशों ने महत्वपूर्ण फैसले किए हैं। भारत नेपाल में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) का ऑफशोर कैंपस स्थापित करने की दिशा में काम करेगा। इसके अलावा नेपाल के चितवन में एग्रो-इंडस्ट्रियल पार्क स्थापित करने पर सहमति बनी है। इसका उद्देश्य कृषि और उससे जुड़े उद्योगों में सहयोग बढ़ाना है।

ऊर्जा क्षेत्र में 669 मेगावाट की परियोजना समेत कई फैसले
भारत और नेपाल के बीच ऊर्जा सहयोग को भी नई दिशा मिली है। इस दौरान 669 मेगावाट की लोअर अरुण जलविद्युत परियोजना की आधारशिला रखी गई। इसके साथ ही मोतिहारी-अमलेखगंज पेट्रोलियम पाइपलाइन के दूसरे चरण को समर्पित किया गया। सिलिगुड़ी-झापा पेट्रोलियम पाइपलाइन योजना के तहत झापा पेट्रोलियम टर्मिनल की आधारशिला भी रखी गई। इन परियोजनाओं से दोनों देशों के बीच ऊर्जा आपूर्ति और बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

अंतरिक्ष, पुलिस और स्वास्थ्य समेत आठ समझौतों पर हस्ताक्षर
बालेन शाह के दौरे के दौरान भारत और नेपाल ने आठ समझौता ज्ञापनों (MoU) का आदान-प्रदान किया। इनमें कई महत्वपूर्ण क्षेत्र शामिल हैं।

प्रमुख समझौते इस प्रकार हैं:

  1. अंतरिक्ष तकनीक: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) और नेपाल के सूचना एवं संचार मंत्रालय के बीच दक्षिण एशिया सैटेलाइट के इस्तेमाल के लिए सैटकॉम नेटवर्क स्थापित करने का समझौता।
  2. फॉरेंसिक विज्ञान: भारत की राष्ट्रीय फॉरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय और नेपाल पुलिस के अपराध जांच विभाग के बीच शैक्षणिक और शोध सहयोग।
  3. पुलिस प्रशिक्षण: राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय और नेपाल की राष्ट्रीय पुलिस अकादमी के बीच सहयोग।
  4. प्रशासनिक प्रशिक्षण: राष्ट्रीय सुशासन केंद्र और नेपाल प्रशासनिक स्टाफ कॉलेज के बीच नेपाली सिविल सेवकों के प्रशिक्षण का समझौता।
  5. स्वास्थ्य: स्वास्थ्य और चिकित्सा के क्षेत्र में सहयोग।
  6. पारंपरिक चिकित्सा: आयुर्वेद और पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को बढ़ावा देना।
  7. शहरी विकास: टिकाऊ शहरी विकास के लिए सहयोग।
  8. पशुपालन और मत्स्य पालन: पशुधन और मत्स्य पालन के क्षेत्र में विकास संबंधी सहयोग।

पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा पर भारत आए बालेन शाह
विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने बताया कि प्रधानमंत्री बनने के बाद बालेन शाह की यह पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बालेन शाह के बीच यह पहली आमने-सामने की मुलाकात भी थी। इससे पहले दोनों नेताओं के बीच दो बार फोन पर बातचीत हो चुकी थी। दो दिवसीय दौरे के समापन के बाद सोमवार को बालेन शाह काठमांडू रवाना हो गए। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद और दोनों देशों के वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें विदाई दी। इस यात्रा के दौरान भारत और नेपाल ने एक साझा विजन डॉक्यूमेंट भी जारी किया, जिसे आने वाले वर्षों में द्विपक्षीय संबंधों की दिशा तय करने वाला रोडमैप माना जा रहा है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed