Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    हिमाचल में निर्विरोध चुनी गई पंचायतों पर सुक्खू सरकार मेहरबान, 136 पंचायतों को मिलेंगे 34 करोड़ रुपये

    By Yadvinder Sharma Edited By: Rajesh Sharma
    Updated: Mon, 22 Jun 2026 06:52 AM (IST)

    हिमाचल प्रदेश में हाल ही में निर्विरोध चुनी गईं 136 पंचायतों को सुक्खू सरकार 25-25 लाख रुपये का प्रोत्साहन देगी। पंचायती राज विभाग ने इसके लिए 34 करोड ...और पढ़ें

    हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू। जागरण आर्काइव

    हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू। जागरण आर्काइव

    HighLights

    1. 136 निर्विरोध पंचायतों को 25-25 लाख रुपये मिलेंगे।

    2. कुल 34 करोड़ रुपये विकास कार्यों पर खर्च होंगे।

    3. प्रोत्साहन राशि सामाजिक सौहार्द बढ़ाने को है।

    यादवेन्द्र शर्मा, शिमला। हिमाचल प्रदेश में हाल ही में संपन्न पंचायती राज चुनाव में निर्विरोध चुनी गई 136 पंचायतों पर सुक्खू सरकार मेहरबान होगी। सरकार प्रोत्साहन स्वरूप 25-25 लाख रुपये देने की दिशा में कदम बढ़ा दिए हैं। पंचायती राज विभाग ने इसके लिए 34 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार कर वित्त विभाग को भेज दिया है। वित्त विभाग से स्वीकृति मिलने के बाद फाइल मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के पास अंतिम मंजूरी के लिए भेजी जाएगी।

    इन कार्यों पर खर्च होगी धनराशि

    मुख्यमंत्री की स्वीकृति मिलते ही संबंधित पंचायतों को राशि जारी कर दी जाएगी। इन पंचायतों को विकास योजनाओं, आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण, पेयजल, स्वच्छता, सड़क, सामुदायिक भवन और अन्य जनहित कार्यों पर खर्च करने के लिए यह राशि उपलब्ध करवाई जाएगी।

    25 लाख से एक करोड़ का प्रविधान

    प्रदेश में पंचायतों के निर्विरोध चुने जाने पर 25, लाख, जबकि पंचायत समिति के लिए 50 लाख और जिला परिषद के लिए एक करोड़ की राशि का प्रविधान किया गया है। प्रदेश में कोई भी पंचायत समिति और जिला परिषद निर्विरोध नहीं चुनी गई है।

    3754 में से 136 ने दिखाया सामाजिक सौहार्द

    प्रदेश में 3754 पंचायतों में प्रधान, उपप्रधान और वार्ड पंचों के लिए चुनाव हुए, जिसमें 136 पंचायतों में ही प्रधान, उपप्रधान और सभी वार्ड पंच निर्विरोध निर्वाचित हुए। प्रदेश सरकार ने ग्रामीण स्तर पर लोकतांत्रिक सहमति और सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देने के उद्देश्य से निर्विरोध निर्वाचित पंचायतों को प्रोत्साहन राशि देने का निर्णय लिया है।

    खबरें और भी

    वर्तमान कांग्रेस सरकार ने इस प्रोत्साहन राशि को दस लाख से बढ़ाकर इस बार 25 लाख रुपये किया। निर्विरोध चुनाव न केवल चुनावी खर्च को कम करते हैं बल्कि पंचायत स्तर पर आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता को भी मजबूत बनाते हैं। 

    वित्त विभाग द्वारा प्रस्ताव का परीक्षण किया जा रहा है। मंजूरी मिलने के बाद राशि जारी करने की प्रक्रिया तेजी से पूरी की जाएगी ताकि पंचायतें अपने विकास कार्यों की योजनाएं समय रहते शुरू कर सकें।

    निर्विरोध निर्वाचित पंचायतों की जिलावार संख्या

    • जिला     निर्विरोध निर्वाचित पंचायतें
    • शिमला    42
    • यिरमौर    27
    • किन्नौर    18
    • लाहुल स्पीति 17
    • सोलन  13
    • मंडी    05
    • ऊना    05
    • कुल्लू    05
    • कांगड़ा    02
    • चंबा    01
    • बिलासपुर    01
    • कुल 136

    निर्विरोध के लिए राशि को दस गुना तक बढ़ाया गया

    • संस्था    पहले प्रोत्साहन राशि    अब प्रोत्साहन राशि
    • ग्राम पंचायत    10 लाख        25 लाख
    • पंचायत समिति    5 लाख        50 लाख
    • जिला परिषद    15 लाख        1 करोड़

    यह भी पढ़ें: 'हर 10 में से एक बच्चे में हाई बीपी के संकेत', शिमला में स्कूल स्टूडेंट पर हुई स्टडी ने चौंकाया; आखिर क्या है वजह?