हरियाणा रोडवेज की नई तैयारी, गोहाना के बाद अब पानीपत रूट पर भी दौड़ेंगी ई-बसें; दिल्ली पर फंसा पेच
सोनीपत डिपो में ई-बसों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है और गोहाना रूट पर सफल संचालन के बाद अब पानीपत मार्ग पर भी इन्हें शुरू करने की तैयारी है। दिल्ली रूट ...और पढ़ें

अब पानीपत रूट पर भी चहेगी ई-बस। फोटो: आर्काइव
HighLights
सोनीपत डिपो में ई-बसों की संख्या बढ़कर 15 हुई
गोहाना के बाद अब पानीपत रूट पर ई-बसें चलेंगी
दिल्ली रूट पर किराया संबंधी तकनीकी समस्या से देरी
जागरण संवाददाता, सोनीपत। रोडवेज की ओर से गोहाना रूट पर ई-बसों के सफल संचालन के बाद अब पानीपत रूट पर भी वातानुकूलित ई-बसें शुरू करने की तैयारी में है। रोडवेज ने पानीपत मार्ग पर सर्वे पूरा कर लिया है।
डिपो में ई-बसों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं। वहीं, गोहाना रूट पर बसों के फेरे भी बढ़ा दिए गए हैं। दूसरी ओर, सोनीपत से दिल्ली के बीच ई-बस सेवा शुरू करने की योजना पर फिलहाल ब्रेक लगा है।
ई-टिकटिंग मशीनों में किराये को लेकर तकनीकी अड़चनें आ रही हैं, जिसके समाधान के लिए मुख्यालय से मंजूरी का इंतजार है। इन बाधाओं के दूर होते ही यात्रियों को दिल्ली रूट पर भी आधुनिक बस सेवा मिलने लगेगी।
सोनीपत बस डिपो में हाल ही में 10 नई ई-बसें शामिल होने से इनकी कुल संख्या 15 हो गई है। रोडवेज की कार्ययोजना के तहत डिपो में कुल 50 ई-बसें लाने का लक्ष्य है, ताकि जिले के विभिन्न रूटों को आधुनिक परिवहन सुविधा से जोड़ा जा सके।
गोहाना रूट पर मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया के बाद, अब पानीपत मार्ग पर भी इनके परिचालन की कवायद तेज कर दी गई है। सर्वे का काम पूरा हो चुका है और अधिकारी अंतिम औपचारिकताएं पूरी करने में जुटे हैं। उम्मीद है कि जल्द ही पानीपत जाने वाले यात्रियों को आधुनिक और आरामदायक सफर की सुविधा मिलने लगेगी।
दिल्ली रूट के किराये पर फंसा पेच
एक ओर स्थानीय रूटों पर बसों का विस्तार हो रहा है, वहीं सोनीपत से दिल्ली रूट पर ई-बसों का संचालन अभी भी एक तकनीकी बाधा के कारण अधर में लटका हुआ है।
रोडवेज ने दिल्ली के लिए बसों की रूपरेखा तो तैयार कर ली है, लेकिन आटोमैटिक टिकट मशीनों (ई-टिकटिंग मशीन) में किराये को लेकर तकनीकी समस्या आ रही है।
इस संबंध में सोनीपत डिपो द्वारा मुख्यालय को पत्र लिखकर समाधान की मांग की गई है। जैसे ही किराये का यह तकनीकी पेच सुलझेगा, सोनीपत से दिल्ली के बीच भी ई-बसें सेवा शुरू कर देंगी।
वहीं, डिपो में 45 से अधिक परिचालकों की नियुक्ति होने से स्टाफ की कमी काफी हद तक दूर हो गई है, जिससे अब बसों के संचालन में कोई बड़ी बाधा नहीं है। अब केवल ई-टिकटिंग मशीनों की सेटिंग और चार्जिंग स्टेशनों का प्रबंधन ही मुख्य प्राथमिकता है।
खबरें और भी
योग दिवस रिहर्सल से प्रभावित रहीं सेवाएं
शुक्रवार सुबह अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की रिहर्सल के चलते जिले में बस सेवाएं कुछ घंटों के लिए प्रभावित रहीं। जिला प्रशासन द्वारा 19 बसों को रिहर्सल में भाग लेने वाले विद्यार्थियों के आवागमन के लिए अधिग्रहित किया गया था। हालांकि, सुबह दस बजे तक सभी बसें वापस डिपो लौट आईं और अपने नियमित रूटों पर बहाल कर दी गईं।
दो से चार किए गोहाना रूट पर फेरे
गोहाना रूट पर सोनीपत बस अड्डा से ई-बसे सुबह 6:30 और 7:30 बजे दो बसे शुरू की थी। अब यात्रियों की मांग पर दोपहर दो बजे और 3.40 बजे भी ई-बस गोहाना के लिए शुरू कर दी है।
गोहाना से सोनीपत के लिए भी यही बस वापसी करेगी। इन बसों से दैनिक यात्रियों को फायदा मिलेगा। वहीं, साधारण बस मेंं गोहाना तक 45 रुपये किराया है, जबकि ई-बस में 70 रुपये किराया है।
गोहाना रूट पर बसों का संचालन सफल रहा है, अब जल्द ही पानीपत रूट पर भी ई-बसें शुरू की जाएंगी। दिल्ली रूट पर किराये से जुड़ी तकनीकी समस्या के समाधान के लिए मुख्यालय से मंजूरी का इंतजार है।
- सुरेंद्र दुग्गल, एसएस, सोनीपत डिपो
यह भी पढ़ें- सोनीपत के 15 सरकारी स्कूल बनेंगे CM EEE, क्लास-1 से ही अंग्रेजी अनिवार्य; गांवों में मिलेगी बेहतर शिक्षा