गनमास्टर जी 9: आदित्य दत्त का खुलासा क्यों 20 साल नहीं किया इमरान हाशमी संग काम? यह बताई बड़ी वजह
- ‘गनमास्टर जी 9’ इमरान हाशमी और जेनेलिया डिसूजा की बहुप्रतिक्षित फिल्म है।
- फिल्म के निर्देशक आदित्य दत्त ने इमरान के साथ कई साल बाद फिल्म करने पर बात की।
- उन्होंने बताया कि कैसे इमरान और उन्हें 20 साल तक साथ काम करने के मौके नहीं मिले।
विस्तार
अभिनेता इमरान हाशमी और निर्देशक आदित्य दत्त का आखिरी प्रोजेक्ट 20 साल पहले आया था। मगर अब कई साल बाद दोनों ‘गनमास्टर जी 9’ के लिए एक साथ आए हैं। एक बातचीत के दौरान आदित्य ने इमरान को लेकर काफी कुछ कहा।
क्या बोले आदित्य दत्त?
फिल्म ‘गनमास्टर जी 9’ इमरान के साथ निर्देशक की छठी फिल्म है। इस बारे में न्यूज 18 के साथ इंटरव्यू में आदित्य ने कहा, ‘आशिक बनाया आपने और दिल दिया है के बाद, हमने कई बार साथ काम करने की कोशिश की। किसी न किसी वजह से, आखिरी समय में बात बिगड़ गई। दरअसल, हमने तीन स्क्रिप्ट फाइनल करने की कोशिश की। हम उन्हें फ्लोर पर ले जाने ही वाले थे, लेकिन कोई भी सफल नहीं हुई।’
अभिनेता-निर्देशक दोनों हुए व्यस्त
आगे अपनी बातचीत में आदित्य दत्त ने कहा, ‘फिर मैं कमांडो 3 और टेबल नंबर 21 में व्यस्त हो गया। इमरान वैसे भी बहुत व्यस्त रहते हैं। इसलिए, हर बार जब हम स्क्रिप्ट फाइनल कर लेते और शूटिंग शुरू करने वाले होते, कोई न कोई दिक्कत आ जाती। लेकिन जैसा कि कहते हैं, हर चीज का एक समय होता है। इसलिए, हमने सही समय का इंतजार किया।’
कुछ अलग करना चाहते थे निर्देशक
‘गनमास्टर जी 9’ की तरफ बढ़ने के पहले निर्देशक ने अपनी सोच पर भी बात की। उन्होंने कहा, ‘जब इमरान और मैं यह सोच रहे थे कि क्या करें, तो मैंने उनसे कहा कि मैं अब सामान्य भूमिकाएं नहीं निभा सकता। मुझे अपने मुख्य किरदारों को सितारों की तरह पेश करना पसंद है। मैं रोजमर्रा की जिदगी पर आधारित फिल्में नहीं करना चाहता। अगर आप पिछले कई साल में इमरान के करियर ग्राफ को देखें, तो वह यथार्थवादी सिनेमा करने की कोशिश कर रहे थे। मैं उन्हें एक दमदार एक्शन हीरो के रूप में पेश करना चाहता था। दिलचस्प बात यह है कि हम दोनों के बीच इस शैली को लेकर तालमेल बैठा और इस बार सब कुछ ठीक हो गया।’
कब रिलीज होगी ‘गनमास्टर जी 9’?
- फिल्म का संगीत हिमेश रेशमिया ने कंपोज किया है।
- फिल्म का निर्माण दीपक मुकुट, संगीता अहीर और हुनर मुकुट ने किया है।
- यह 29 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
- 'आवारापन 2' के सुपरहिट साबित होने के बाद 'गनमास्टर जी9' के सफलता की उम्मीद है।
