{"_id":"6b08da34778a1f305306efd7","slug":"corporate-leadership-ethics-nvidia-ceo-jensen-huang-moral-values-ai-era-2026-11-27","type":"story","status":"publish","title_hn":"लीडर आखिर कौन होता है?: एआई के दौर में नैतिक मूल्यों की असली परीक्षा, एनवीडिया विवाद ने फिर छेड़ी बहस","category":{"title":"Opinion","title_hn":"विचार","slug":"opinion"}}
लीडर आखिर कौन होता है?: एआई के दौर में नैतिक मूल्यों की असली परीक्षा, एनवीडिया विवाद ने फिर छेड़ी बहस
Fri, 27 Nov 2026 06:47 AM IST
देवेश त्रिपाठी
नन्दितेश निलय, स्पीकर, लेखक एवं एथिक्स प्रशिक्षक
नन्दितेश निलय, स्पीकर, लेखक एवं एथिक्स प्रशिक्षक
Published by: देवेश त्रिपाठी
Updated Fri, 27 Nov 2026 06:47 AM IST
विज्ञापन
निरंतर एक्सेस के लिए सब्सक्राइब करें
सार
आगे पढ़ने के लिए लॉगिन या रजिस्टर करें
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ रजिस्टर्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ सब्सक्राइब्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
फ्री ई-पेपर
सभी विशेष आलेख
सीमित विज्ञापन
सब्सक्राइब करें
एनवीडिया सीईओ जेनसन हुआंग
- फोटो :
Nvidia
विस्तार
क्या आपको लगता है कि फिर से नेतृत्व (लीडरशिप) पर गंभीर चर्चा होनी चाहिए, खासकर लीडर्स (नेतृत्वकर्ताओं) के नैतिक आचरण को लेकर! आजकल हम लगातार ऐसी खबरें सुनते हैं, जो नेतृत्वकर्ताओं के फैसले लेने की क्षमता को लेकर प्रश्न खड़ा कर रहे हैं।मैं ऐसा इसलिए कह रहा हूं, क्योंकि किसी भी लीडर का सबसे बड़ा गुण यह होता है कि उसकी जीवनशैली सिर्फ बाह्य गुणों को संभाले नहीं रहती, बल्कि आंतरिक नैतिक स्पष्टता और आत्म-संयम के सद्गुण भी लिए होती है। इसलिए संस्थाएं ऐसे नेतृत्वकर्ताओं को बार-बार उद्धृत करती हैं, क्योंकि उनके शब्द अनंत काल तक वह भरोसा लेकर आते हैं, जो उनके कर्मचारियों का मार्गदर्शन करते हैं।
कोई उस नेतृत्वकर्ता के पहनावे (उसके लेदर जैकेट) को कॉपी करने लगता है, तो कोई उनके शब्दों को, तो कोई उनके पूरे व्यक्तित्व को। हालांकि नेतृत्वकर्ता सिर्फ बाजार पर ही अपनी पकड़ बनाए रखने के लिए नहीं बने होते, बल्कि उस आंतरिक मन पर भी पकड़ के लिए बने होते हैं, जो चंचल होता है और कभी भटक सकता है। यह आंतरिक सतर्कता ही उस आध्यात्मिक संरचना का निर्माण करती है, जिसको आध्यात्मिक नेतृत्व भी कहते हैं। तो फिर प्रश्न यह है कि तमाम तरह की योग्यता की फेहरिस्त में नैतिकता की क्या जगह है, आखिर उसे किस पायदान पर रखा जाए। प्रश्न यह भी कि क्या नैतिकता अपरिवर्तनीय सद्गुण है? बाजार से प्रभावित दुनिया में आखिर किसी भी संस्थागत नेतृत्व के लिए नैतिकता का स्थान है भी या नहीं? किसी भी नेतृत्वकर्ता में रज गुण तो होना ही चाहिए, पर सत् गुण का क्या? और यदि रज और तम ही उस सत् पर भारी पड़ जाए, तो?
कुछ ऐसा ही हाल में एक ऐसे नेतृत्वकर्ता के साथ हुआ, जो अमेरिकी चिप जायंट कहलाने वाली संस्था का नेतृत्व करते हैं। हम बात कर रहे हैं दुनिया की प्रमुख सेमीकंडक्टर और एआई कंप्यूटिंग कंपनी एनवीडिया के सीईओ जेनसन हुआंग की, जिन्होंने पिछले हफ्ते स्वेच्छा से इस्तीफा दे दिया। इसका कारण उनके निजी आचरण से जुड़ा एक विवाद रहा। उनके कई विवाहेतर संबंधों से जुड़ी खबरें आईं, जिनमें एक चीनी बिजनेस वुमन के साथ उनके रिश्ते की चर्चा सुर्खियों में रही। कंपनी के बोर्ड ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया। बोर्ड का मानना था कि उनके कार्यों ने कंपनी की आचार संहिता और सांस्कृतिक मानदंडों का उल्लंघन किया है। बोर्ड ने स्पष्ट कहा कि जेनसन हुआंग को दोबारा सीईओ नहीं बनाया जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। बाजार ने नैतिकता के सारे प्रश्न बेमानी कर दिए और बताया कि नेतृत्व मुनाफे और ताकत से ज्यादा कुछ भी नहीं है। उधर एक लाख से ज्यादा लोगों ने (जिसमें एलन मस्क भी हैं) एक खुले पत्र पर हस्ताक्षर कर जेनसन हुआंग को सीईओ के तौर पर वापस लाने की मांग की। यहां नैतिकता या नेतृत्व के नैतिक आचरण से ज्यादा उनके उन गुणों और कौशल को तरजीह दी जा रही है, जो बाजार को नियंत्रित करती है और उस कंपनी को दुनिया की प्रमुख सेमीकंडक्टर और एआई कंप्यूटिंग कंपनी बनाती है। सीईओ के पद पर रहकर उन्होंने एनवीडिया को एआई के इंजन-रूम में बदल दिया। लेकिन क्या कॉरपोरेट गवर्नेंस पॉपुलैरिटी कॉन्टेस्ट से चलाया जा सकता है? क्या एक नेतृत्वकर्ता का आकलन उपयोगिता के स्तर पर ही होना चाहिए या नैतिकता के मापदंड पर भी? अगर नेतृत्व सिर्फ कंपनी के सकारात्मक वित्तीय परिणाम और वस्तुओं के गुणात्मक उत्पादन की सुरक्षा और उत्पादकता शृंखला से जुड़ी योग्यता है, तब तो इस पर चर्चा ही बेमानी है। लेकिन गर नेतृत्वकर्ता किसी संस्था के लोगों को एक आचरण और व्यवहार की ऊंचाई देता है, एक मानक तय करता है, तब तो नेतृत्व को हर उस गलत कार्य से बचाना जरूरी है, जो लंबे समय तक एक संस्था, एक समाज और पीढ़ियों की सोच और फैसले लेने की प्रक्रिया को दूषित कर सकता है।
आखिर एक व्यक्ति या नेतृत्वकर्ता के लिए नैतिकता की परिभाषा कैसे गढ़ी जाएगी? मान लीजिए, कोई अपने व्यक्तिगत और सामूहिक जीवन में रिश्तों के प्रति सच्चा हो, लेकिन पैसे और प्रॉपर्टी की हवस का शिकार हो, तो फिर ऐसे नेतृत्वकर्ता को क्या कहेंगे? क्या इन्हें भी अनैतिक की ही श्रेणी में रखा जाएगा या इसे न्यू नॉर्मल माना जाएगा? जब कोई अपने संबंधों के साथ धोखा करता है या एक साथ कई संबंध रखता है, तब उस नेतृत्वकर्ता का आचरण समाज और संस्था के हर नागरिक की परेशानी बन जाता है। क्योंकि एक नेतृत्वकर्ता सिर्फ कंपनी के एक कर्मचारी को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि उनके परिवार के सदस्यों का भी वह रोल मॉडल बन जाता है। और नेतृत्व तो भरोसे पर टिका होता है। सिलिकॉन चिप और एआई के एल्गोरिदम से कोई किसी को यह कैसे समझा सकता है कि जीवन में भूलकर भी किसी को धोखा नहीं देते। न अपनों को, न परायों को। किसी का विश्वास नहीं तोड़ते। अन्यथा जनता उन शब्दों का हिसाब कैसे करे, जो जेनसन हुआंग लगातार बोलते रहे, जैसे : ‘समझदार लोग सही बातों पर ध्यान देते हैं।’ फिर कहीं वह कहते हंै: ‘मुझे नहीं लगता कि आप महान समय के दौरान संस्कृति का निर्माण कर सकते हैं और मूल मूल्यों को विकसित कर सकते हैं। मुझे लगता है कि जब कंपनी को असाधारण अनुपात की प्रतिकूल परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है, तभी संस्कृति विकसित होती है, चरित्र विकसित होता है।’ और स्टैनफोर्ड के छात्रों को संबोधित करते हुए उनका यह उद्धरण बहुत दोहराया गया, ‘महानता चरित्र से आती है, और चरित्र स्मार्ट लोगों से नहीं बनता है। यह उन लोगों से बनता है, जिन्होंने कष्ट सहे हैं। आप सभी स्टैनफोर्ड छात्रों के लिए, मैं कामना करता हूं कि आपको दर्द और पीड़ा की भरपूर खुराक मिले।’
जिस नेतृत्वकर्ता ने हर किसी को अपनी क्षमता और योग्यता से प्रभावित किया हो, अब उसका भी आगे का सफर आसान नहीं होगा और हर उस नागरिक को मुश्किल आएगी, जिसने उन्हें अपना रोल मॉडल माना और उन पर भरोसा किया। इस दुनिया में आज भी ऐसे नेतृत्वकर्ता हैं, जो रज और तम गुणों को संतुलित किए हुए हैं। समय ने मानो एक चेतावनी भी दी है कि कोई भी संस्था या समाज अगर नैतिकता को नेतृत्वकर्ता की बुनियाद नहीं बनाता, पहली सीढ़ी से लेकर आखिरी सीढ़ी तक उसको संस्कृति और आंतरिक नियमों का पालन नहीं करता, तो एआई के दौर में मनुष्य को नहीं बचाया जा सकता। अपने अंदर और अपने कर्मचारियों के अंदर के मनुष्य को बचाना ही किसी भी नेतृत्वकर्ता का उत्तरदायित्व होता है।