Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मोतिहारी में सिपाही भर्ती परीक्षा में बड़ा फर्जीवाड़ा उत्तर पुस्तिका लेकर भागा अभ्यर्थी

    Updated: Sat, 20 Jun 2026 07:17 PM (IST)

    Bihar Constable Exam: मोतिहारी में बिहार मद्य निषेध सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान एक अभ्यर्थी एलएनडी कॉलेज केंद्र से उत्तर पुस्तिका लेकर फरार हो गया। ...और पढ़ें

    वीक्षक के आवेदन पर नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज ! प्रतीकात्मक फोटो

    वीक्षक के आवेदन पर नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज ! प्रतीकात्मक फोटो

    संवाद सहयोगी, मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)। Motihari News: बिहार मद्य निषेध सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान मोतिहारी के एलएनडी कॉलेज परीक्षा केंद्र से एक अभ्यर्थी के उत्तर पुस्तिका लेकर फरार होने का मामला सामने आया है।

    घटना 17 जून को आयोजित परीक्षा की दूसरी पाली की है। इस संबंध में वीक्षक के आवेदन पर नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

    उत्तर पुस्तिका जमा किए बिना निकला

    जानकारी के अनुसार कोटवा प्रखंड के मथुरापुर स्थित राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय में कार्यरत विशिष्ट शिक्षक सुरेंद्र कुमार सिंह की ड्यूटी एलएनडी कॉलेज के कक्ष संख्या-09 में वीक्षक के रूप में लगाई गई थी।

    परीक्षा समाप्त होने के बाद सभी अभ्यर्थियों से उत्तर पुस्तिकाएं जमा कराई जा रही थीं। इसी दौरान प्रकाश नामक एक अभ्यर्थी उत्तर पुस्तिका जमा किए बिना उसे अपने साथ लेकर परीक्षा कक्ष से बाहर निकल गया।

    मिलान के दौरान सामने आई गड़बड़ी

    उत्तर पुस्तिकाओं का मिलान करने पर एक कॉपी कम पाई गई। जांच में संबंधित अभ्यर्थी की उत्तर पुस्तिका गायब मिली। इसके बाद परीक्षा केंद्र पर काफी खोजबीन की गई, लेकिन उत्तर पुस्तिका का कोई पता नहीं चल सका।

    मामले को गंभीर मानते हुए वीक्षक ने शुक्रवार देर शाम नगर थाना में आवेदन देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की।

    पुलिस कर रही जांच

    नगर थानाध्यक्ष राजीव रंजन ने बताया कि आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अभ्यर्थी उत्तर पुस्तिका लेकर परीक्षा केंद्र से बाहर कैसे निकल गया और उसके पीछे क्या उद्देश्य था। मामले की जांच जारी है।