Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    BPSC Result 2026: ठेला चलाने वाले का बेटा बना राजस्व अधिकारी, कपड़ा दुकानदार की बेटी संभालेगी DSP का पद

    Updated: Mon, 22 Jun 2026 03:49 AM (IST)

    कुशेश्वरस्थान प्रखंड के दो छात्रों ने 70वीं बीपीएससी परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। ठेला चालक के बेटे अभिषेक राजस्व अध ...और पढ़ें

    अभिषेक आनंद और सीमा कुमारी। जागरण

    अभिषेक आनंद और सीमा कुमारी। जागरण

    HighLights

    1. कुशेश्वरस्थान के दो छात्रों ने बीपीएससी में सफलता पाई।

    2. अभिषेक राजस्व अधिकारी, सीमा कुमारी डीएसपी बनीं।

    3. दोनों ने पहले प्रयास में सेल्फ स्टडी से सफलता हासिल की।

    संवाद सहयोगी, कुशेश्वरस्थान। 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग की परीक्षा में प्रखंड के दो छात्रों ने शानदार सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। एक ओर रेड़ी (ठेला) चालक के पुत्र भगवान बाबू यादव उर्फ अभिषेक ने 144वीं रैंक प्राप्त कर राजस्व अधिकारी का पद हासिल किया है।

    वहीं, दूसरी ओर कपड़ा दुकानदार की पुत्री सीमा कुमारी ने 116वीं रैंक प्राप्त कर डीएसपी पद के लिए चयनित होकर क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। दोनों की सफलता से पूरे प्रखंड में खुशी का माहौल है।

    जानकारी के अनुसार, प्रखंड के घरदौड़ निवासी ठेला चालक दिनेश यादव एवं गृहिणी पूनम देवी के पुत्र भगवान बाबू यादव उर्फ अभिषेक ने 70वीं बीपीएससी परीक्षा में 144वीं रैंक प्राप्त की है।

    सरकारी स्कूल से पढ़ाई

    अभिषेक ने गांव के सरकारी विद्यालय से प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की। उन्होंने उच्च विद्यालय झझरा से मैट्रिक तथा दरभंगा में रहकर इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के हंसराज कॉलेज से वर्ष 2022 में स्नातक की डिग्री प्राप्त की और बीपीएससी परीक्षा की तैयारी में जुट गए।

    उन्होंने सेल्फ स्टडी के बल पर प्रथम प्रयास में ही सफलता प्राप्त कर राजस्व अधिकारी बनने का गौरव हासिल किया। अभिषेक के पिता दिनेश यादव दिल्ली में ठेला चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने पुत्र की शिक्षा में कोई कमी नहीं आने दी, जिसका परिणाम आज पूरे क्षेत्र के सामने है।

    पहले ही प्रयास में बनीं DSP

    वहीं, औराही पंचायत के ब्रह्मपुर निवासी कपड़ा व्यवसायी परमेश्वर साह एवं गृहिणी शीला देवी की पुत्री सीमा कुमारी ने 70वीं बीपीएससी परीक्षा में 116वीं रैंक प्राप्त कर डीएसपी पद के लिए चयनित होकर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। सीमा की प्रारंभिक शिक्षा गांव में हुई। उन्होंने जवाहर नवोदय विद्यालय से इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की।

    खबरें और भी

    इसके बाद दरभंगा से बीएससी की पढ़ाई पूरी कर दिल्ली जाकर बीपीएससी की तैयारी शुरू की। सेल्फ स्टडी के दम पर उन्होंने प्रथम प्रयास में ही यह उल्लेखनीय सफलता हासिल की। दोनों अभ्यर्थियों की सफलता पर प्रखंड क्षेत्र के लोगों में हर्ष का माहौल है।

    पंचायत की मुखिया नीलम देवी, वीरेंद्र चौपाल, पूर्व मुखिया बिनोद कुमार ठाकुर, शिवबालक यादव, अशोक कुमार यादव, सरपंच प्रतिनिधि केदार राम, सामाजिक कार्यकर्ता शंकर कुमार झा, मधुकांत झा मिंटू, त्रिभुवन यादव, शशिभूषण शात्री, दिनेश्वर पासवान, विनोद कुमार यादव, दिलखुश कुमार तथा भाजपा जिलाध्यक्ष विनय कुमार पासवान सहित अनेक गणमान्य लोगों ने दोनों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

    यह भी पढ़ें- सीतामढ़ी के दोस्तिया गांव से 2 अधिकारी: सरकारी स्कूल से पढ़कर प्रतीक बने RO, दारोगा की बेटी आशु को BDO का पद 

    यह भी पढ़ें- पर्णिया की श्रेया बादल ने दूसरे प्रयास में पास की BPSC परीक्षा, अब अगला टारगेट सेट