NEET Exam 2026 : परीक्षार्थी अपना एडमिट कार्ड दिखाकर बसों में करें फ्री यात्रा, बिहार के कई जिलों में मार्ग तय
बिहार में 21 जून को होने वाली नीट यूजी 2026 की पुनर्परीक्षा में 6 हजार परीक्षार्थियों को बिहार राज्य परिवहन निगम की बसों में मुफ्त यात्रा मिलेगी। छात् ...और पढ़ें

NEET UG 2026: नीट अभ्यर्थियों के लिए भागलपुर, मुंगेर, जमुई और बांका से मुफ्त बस सेवा
HighLights
नीट यूजी 2026 पुनर्परीक्षा 21 जून को भागलपुर में आयोजित।
परीक्षार्थियों को बिहार राज्य परिवहन निगम की बसों में मुफ्त यात्रा।
एडमिट कार्ड दिखाने पर मिलेगी मुफ्त यात्रा सुविधा, ओआरएस भी उपलब्ध।
भागलपुर, जागरण संवाददाता। बिहार के भागलपुर जिले के 15 परीक्षा केंद्रों पर 21 जून को आयोजित होने वाली नीट यूजी 2026 (NEET UG 2026) की पुनर्परीक्षा में करीब छह हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे। इतनी बड़ी संख्या में छात्रों की आवाजाही और सहूलियत को देखते हुए परिवहन विभाग ने विशेष व्यवस्था की है। परीक्षा देने आने वाले अभ्यर्थियों को राज्य परिवहन निगम (BSRTC) की बसों में बिल्कुल निशुल्क यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं जिला प्रशासन भी परीक्षा के सफल संचालन के लिए व्यापक तैयारियों में जुटा है।
छात्रों को बस में दिखाना होगा एडमिट कार्ड
भागलपुर क्षेत्रीय परिवहन प्रमंडल के क्षेत्रीय प्रबंधक अमित कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश के आलोक में भागलपुर, मुंगेर, जमुई और बांका जिले से परीक्षा देने आने वाले विद्यार्थियों से बसों में कोई किराया नहीं लिया जाएगा। यात्रा के दौरान छात्रों को अपना एडमिट कार्ड (Admit Card) दिखाना होगा, जिसके आधार पर उन्हें मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। बस में कंडक्टर द्वारा वेरिफिकेशन के लिए कैंडिडेट से एडमिट कार्ड की एक छाया प्रति (फोटोकॉपी) जमा ली जाएगी।
गर्मी को देखते हुए मिलेगी ओआरएस की सुविधा
इस संबंध में सभी डिपो के कंडक्टरों और संबंधित कर्मियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि फिलहाल परीक्षा के लिए अलग से विशेष बसों के परिचालन का कोई आदेश प्राप्त नहीं हुआ है, नियमित बसें ही सेवा में रहेंगी। वहीं उन्होंने बताया कि भीषण गर्मी और लू के मद्देनजर सभी प्रमुख बस डिपो पर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही यात्रियों और छात्रों को मुफ्त ओआरएस (ORS) घोल भी दिया जाएगा, जिससे सफर के दौरान गर्मी से राहत मिल सके।
जिला प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों पर बढ़ाई सुरक्षा
इधर, जिला प्रशासन ने भी नीट यूजी की इस महत्वपूर्ण परीक्षा को लेकर कमर कस ली है। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने, यातायात प्रबंधन को दुरुस्त रखने, पेयजल और अन्य जरूरी बुनियादी सुविधाओं को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। सभी केंद्रों पर मजिस्ट्रेट और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जा रही है, ताकि परीक्षार्थियों को किसी भी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।