Bhagalpur Weather Update: भागलपुर में उमस से मिलेगी राहत, बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी
भागलपुर में लगातार उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों को जल्द राहत मिलेगी, क्योंकि मौसम विभाग ने बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। सक्रिय मौसमीय प्रणा ...और पढ़ें

भागलपुर में बारिश का अलर्ट। फाइल फोटो
HighLights
भागलपुर में उमस भरी गर्मी से जल्द मिलेगी राहत।
मौसम विभाग ने बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया।
सक्रिय मौसमीय तंत्रों से कभी भी हो सकती है वर्षा।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। जिले में लगातार बढ़ती उमस भरी गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। सुबह से लेकर देर शाम तक चिपचिपी गर्मी और हवा में नमी के कारण लोग बेचैनी महसूस कर रहे हैं।
हालांकि इस बीच मौसम विभाग ने राहत भरी खबर दी है। बिहार मौसम सेवा ने भागलपुर के लिए वर्षा के मद्देनजर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, जिले में कभी भी बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आने के साथ उमस से राहत मिलने की संभावना है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) भागलपुर केंद्र के वैज्ञानिक अनुपम नाहर ने बताया कि वर्तमान में कई मौसमीय तंत्र सक्रिय हैं, जिनके प्रभाव से मौसम में बदलाव की स्थिति बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि पंजाब से बिहार तक हरियाणा और उत्तर प्रदेश होते हुए समुद्र तल पर एक मौसमी ट्रफ (द्रोणिका) बनी हुई है। इसके साथ ही मध्य असम और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से लगभग 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है।
इसके अतिरिक्त पश्चिमी पवनों का एक ट्रफ, जिसकी धुरी समुद्र तल से लगभग 1.5 किलोमीटर ऊपर स्थित है, पूर्वी बिहार से तटीय गंगा क्षेत्र वाले पश्चिम बंगाल तक फैला हुआ है। इन मौसमीय प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव से पूर्वी भारत में नमी और संवहनीय गतिविधियों को मजबूती मिल रही है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इन परिस्थितियों के प्रभाव से भागलपुर में दिन के समय उमस भरी गर्मी बनी रह सकती है, लेकिन आसमान में बादलों की आवाजाही भी जारी रहेगी। विशेष रूप से दोपहर बाद और रात्रि के समय गरज-चमक के साथ कुछ स्थानों पर बारिश अथवा मेघगर्जन के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है।