छठ पर्व: कल मेरे जिले में सूर्यास्त का समय क्या है? बिहार के सभी 38 जिलों में सूर्य को अर्घ्य का समय देखिए
Chhath Puja Arghya Time: बिहारियों की पहचान और गर्व के त्योहार छठ का आज दूसरा दिन है। दुनिया में सिर्फ छठ ही ऐसा पर्व है, जहां अस्त होते सूर्य की आराधना होती है। बिहार में 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य को किस जिले में कब पड़ेगा अर्घ्य?
विस्तार
लोक आस्था के महापर्व का दूसरा दिन, आज 14 नवंबर को खरना पूजा है। इसके बाद सभी को इंतजार रहेगा 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य की आराधना का। दुनिया में कहीं भी छठ के अलावा, अस्त होते सूर्य की उपासना का उदाहरण नहीं मिलता है। छठ पर अस्ताचलगामी सूर्य की उपासन इस बार 15 नवंबर को किस समय होगी, यानी सूर्यास्त का समय बिहार के किस जिले में कब है- जानना चाहिए। इस खबर में पूरी जानकारी है।
अस्ताचलगामी सूर्य की उपासना छठ की बड़ी पहचान
शाम वाला अर्घ्य, यानी षष्ठी तिथि का अर्घ्य 15 नवंबर को दिया जाएगा। छठ को कार्तिक षष्ठी भी कहा जाता है, इसी कारण अस्ताचलगामी सूर्योपासना का इसमें बहुत महत्व है। कई घरों में लोग शाम वाले अर्घ्य के दिन उपवास रखकर प्रसाद बनाते हैं, हालांकि जहां परंपरा है, वहां बहुत सारे घरों में खरना के दिन भी प्रसाद बनता है। इसलिए भी, इस दिन सूर्यास्त का समय जानना जरूरी होता है। बाकी तैयारियों के साथ प्रसाद का सूप लेकर डाला में बांधने के बाद घाट तक समय पर पहुंचना भी होता है और कम-से-कम आधे घंटे तो जल में रहकर व्रती को सूर्यदेव की अर्चना भी करनी होती है। चूंकि सूर्यास्त होने से ठीक पहले अर्घ्य दिया जाता है, इसलिए अपने जिले में सूर्यास्त का समय जरूर जान लें।
छठी मइया और सूर्य की उपासना का मतलब भी समझें
प्रकृति-प्रदत्त चीजों से जीवनदायी सूर्य की उपासना होती है। सूर्य ही प्रकृति का आधार भी है और ऊर्जा स्रोत भी। दूसरी तरफ, छठी मइया को प्रकृति का छठा अंश कहा जाता है। इसलिए, छठ प्रकृति से आशीर्वाद और ऊर्जा पाने की विनती का सबसे प्रसिद्ध पर्व है। छठ की शुरुआत इस बार 13 नवंबर को नहाय खाय से हो चुकी है। आज 14 नवंबर को खरना की शाम छठी मइया की पूजा होगी। छठी मइया संतान-सुख और समृद्धि देती हैं। आज खरना के बाद सभी को कल, 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य की उपासना करनी है।
