रुद्रप्रयाग। आईएएस, आईपीएस, पीसीएस और इंजीनियरिंग के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रयासरत युवाओं को अब कोचिंग के लिए देहरादून की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने सिविल सर्विसेज सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए जिला मुख्यालय में कोचिंग कक्षाओं की शुरूआत कर दी है।
जिले में तैनाती के बाद से डीएम घिल्डियाल शिक्षा के क्षेत्र में सुधार के लिए लगातार प्रयासरत हैं। इसी दिशा में कदम बढ़ाते हुए उन्होंने एक नई पहल शुरू की है। इसमें उनकी टीम भी उनका बखूबी साथ दे रही है। इंटर स्तर के छात्रों को करियर के प्रति जागरूक करने के साथ ही अब नि:शुल्क कोचिंग दी जा रही है। कोचिंग सेंटर जीआईसी रुद्रप्रयाग में बनाया गया है, जहां सोमवार से शनिवार तक प्रात: 8 से 10 बजे तक अधिकारी 50 अभ्यर्थियों को सीपीएमटी, यूपीएमटी, पीसीएस, आईपीएस, आईएएस, यूपीएससी सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की कोचिंग दे रहे हैं। कोचिंग लेने पहुंच रहे छात्र/छात्राओं को अंग्रेजी और हिंदी माध्यम में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और सफल होने के टिप्स दिए जा रहे है। जिलाधिकारी के अलावा पुलिस अधीक्षक पीएन मीणा, एसडीएम सदर मुक्ता मिश्रा और एआरटीओ पंकज श्रीवास्तव कोचिंग कक्षाएं ले रहे हैं।
...................
ऐसे छात्र-छात्राएं जो प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कोचिंग का खर्चा नहीं उठा पाते हैं। उनके लिए नि:शुल्क कोचिंग दी जा रही है। एसपी, एसडीएम सदर, एआरटीओ भी इसमें सहयोग कर रहे हैं। आगामी दिनों में अन्य अधिकारी भी इससे जुड़ेंगे, जिन्हें किसी विषय क्षेत्र में महारत हासिल हैं।
-- मंगेश घिल्डियाल, जिलाधिकारी, रुद्रप्रयाग