गाजीपुर। साक्षर भारत योजना के तहत जिले के 1050 केंद्रों पर साक्षरता परीक्षा रविवार को आयोजित की गई। इसमें करीब 72 प्रतिशत नव साक्षरों ने परीक्षा दी। प्रभारी जिला बेसिक शिक्षाधिकारी सीताराम ओझा ने विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण कर परीक्षा का जायजा लिया।
दुबिहा संवाददाता के अनुसार बाराचवर ब्लाक के लोक शिक्षा केंद्रों पर साक्षरता परीक्षा आज संपन्न हुई। इस परीक्षा में ब्लाक के 72 केंद्रों पर 6410 नवसाक्षर परीक्षा में सम्मिलित हुए। इस बार प्रत्येक केंद्र पर 125 नवसाक्षरों की परीक्षा का लक्ष्य रखा गया था। परीक्षा के बाद कापियों को मूल्यांकन के लिए संकलित करके बीआरसी कार्यालय पर जमा करा दिया जाएगा। मूल्यांकन के बाद इसका पूरा विवरण निदेशालय को भेजा जाएगा जहां से परीक्षा के परिणाम और प्रमाण पत्र जारी किए जाएंगे। साक्षरता परीक्षा के दौरान सभी न्याय पंचायत समन्वयकों के साथ खंड शिक्षाधिकारी अखिलेश कुमार झा और साक्षर भारत मिशन के ब्लाक समन्वयक अभिषेक राय ने कई केंद्रों का भ्रमण किया। जखनिया संवाददाता के अनुसार स्थानीय विकासखंड के अंतर्गत रविवार को 9307 परीक्षार्थियों ने सुबह 10 से शाम 5 बजे तक परीक्षा दी। खंड शिक्षाधिकारी ओमप्रकाश तिवारी ने बताया कि बाद में उन्हें प्रमाण पत्र भी दिया जाएगा। जमानिया संवाददाता के अनुसार नव साक्षरों की परीक्षा के दौरान कई विद्यालयों के ताले नहीं खुले। असांव, विशुनपुरा, नगसर, अवती सहित कई विद्यालयों का गेट तक नहीं खुला था। इसकी जानकारी एबीएसए राजेश सिंह से ली गई तो उन्होंने स्पष्ट अनभिज्ञता जताते हुए कहा कि इस समय कोई परीक्षा नहीं होनी है। इसकी कोई जानकारी उन्हें नहीं है। एबीएसए जमानिया जयराम पाल से मांगी गई तो उन्होंने कहा यह मामला हमें नहीं पता। ब्लॉक समन्वयक कृपाशंकर राय ने बताया कि 15 वर्ष से अधिक उम्र के निरक्षर लोगों को पढ़ाने के लिए सरकार की यह व्यवस्था है, जिसमें छह महीने तक उनको पढ़ाया जाता है। वर्ष में दो बार मार्च और अगस्त में परीक्षा होती है। इस बार चुनाव की वजह से यह परीक्षा समय से नहीं हो सकी थी। रेवतीपुर ब्लॉक में 4800 परीक्षार्थी हैं।