मंगलवार की दोपहर अचानक तेज आंधी के साथ आई बारिश और ओलों ने सर्दी बढ़ा दी है। बारिश से मौसम ने करवट ली तो तापमान में भी गिरावट आई। मंगलवार को तेज हवा के साथ दर्जनों पोल धराशाई हो गए, इसके चलते बुधवार को भी कई गांव की आपूर्ति बाधित रही। फीरोजाबाद में मंगलवार देर रात से रुक-रुककर बारिश का दौर जारी रहा। बुधवार को भी सुबह से बादल छाए रहे। बारिश के साथ ओले पड़ने के कारण मिर्च की फसल ही चौपट हो गई। आलू और सरसों को भी खास नुकसान हुआ है। किसानों ने प्रशासनिक अफसरों से आंकलन करके मुआवजा की मांग की।
सुहागनगरी में अचानक बदले मौसम ने लोगों की दिनचर्या प्रभावित कर दी है। पानी बरसने से कई मोहल्लों और सड़कों पर जलभराव के हालात हो गए। रोज कमाने-खाने वालों के लिए बारिश मुसीबत साबित हुई। मंगलवार रात भर रुक-रुककर बारिश होती रही तो बुधवार सुबह आसमान में घटाएं घिरी रहीं। न्यूनतम और अधिकतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। न्यूनतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। फीरोजाबाद का तापमान न्यूनतम 12.5 डिग्री, अधिकतम 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कृषि वैज्ञानिक की माने तो बारिश गेहूं, चना, मटर, मसूर, सरसों और जौ आदि के लिए फायदेमंद है, लेकिन अगर पश्चिमी विक्षोभ का यह सिलसिला बढ़ा तो पिछले साल की तरह प्रदेश में इन फसलों पर आगे भी संकट आ सकता है।