कहा- 27 सितंबर तक अपना काम खत्म कर सेतु निगम को सौंप देंगे ओवरब्रिज
बरेली। आईवीआरआई ओवरब्रिज का काम नियत तिथि पर खत्म करने के लिए रेलवे प्रशासन ज्यादा श्रमिक लगाएगा। ओवरब्रिज को 27 सितंबर तक सेतु निगम के सुपुर्द किया जाना है। अक्तूबर में इसे चालू किया जाना है।
रेलवे ने ओवरब्रिज का अपने हिस्से का काम हरहाल में 27 सितंबर तक पूरा करने की बात जुलाई में कही थी, लेकिन अभी काफी काम बाकी है। काम की मौजूदा गति को देखते हुए इसके तय तिथि पर पूरा होने में संदेह है। लिहाजा रेलवे प्रशासन ने श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर काम पूरा कराने का निर्णय लिया है। ओवरब्रिज पर स्टील स्लैब बिछाने का काम नौ दिसंबर को शुरू हुआ था। इसके बाद कंक्रीट के स्लैब बिछाए गए। अब शटरिंग और बाउंड्री बनाने का काम चल रहा है। रेलवे का काम खत्म होने के बाद ओवरब्रिज पर सेतु निगम को कुछ छिटपुट काम कराने हैं। इसके बाद उद्घाटन का समय तय होगा। गौरतलब है कि श्यामगंज फ्लाईओवर बनने के बाद भी करीब दो महीने तक ट्रैफिक शुरू नहीं हो सका था।
तय तिथि तक काम पूरा कराने के लिए श्रमिकों की संख्या बढ़ाई जाएगी। इस संबंध में अधिकारियों से बात करके निर्णय लिया जाएगा। - राजेंद्र सिंह, पीआरओ इज्जतनगर रेल मंडल