अमेठी में हुए हादसे में तीन लोगों की मौत।
- फोटो : amar ujala
अमेठी जिले के राजाफत्तेपुर के अहोरवा भवानी कस्बे में मंगलवार रात करीब 10 बजे बैंक ऑफ बड़ौदा के सामने दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार यशराज (18) निवासी अकबरपुर फर्सी और रमाशंकर (28) निवासी गोधना मजरे दान्दूपुर, थाना शिवरतनगंज की मौत हो गई। वहीं दूसरी बाइक पर सवार नागेश (20) निवासी शहादतगंज मजरे डांगी बरवलिया, थाना इन्हौना की भी जान चली गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अहोरवा भवानी की ओर से राइडर बाइक आ रही थी। इसी दौरान इन्हौना की ओर से आ रही हीरो पैशन प्लस बाइक से उसकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिंहपुर पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने नागेश को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल यशराज और रमाशंकर को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया। उपचार के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के समय युवकों ने हेलमेट नहीं पहना था। क्षेत्राधिकारी दिनेश मिश्रा ने बताया कि हादसे की जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।