फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी: आगरा में अनुसूचित जाति के दूल्हे की बरात पर हमला, घोड़ी से गिराकर पीटा; पुलिस की माैजूदगी में हुई शादी

Fri, 27 Nov 2026 06:46 PM IST
Arun Parashar संवाद न्यूज एजेंसी, आगरा

सार

पुलिस की मौजूदगी में रातभर और शुक्रवार दोपहर तक विवाह की रस्में पूरी की गईं। शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे बरात की विदाई हुई। दुल्हन के पिता की तहरीर पर मामले में केस दर्ज किया गया है।
विज्ञापन
बरात में हंगामा। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आगरा के जगनेर क्षेत्र के गांव वीरभान में घुड़चढ़ी के दौरान दुल्हन के घर से महज 100 मीटर पहले एक पक्ष ने दूल्हे को घोड़ी से खींचकर पीटा और गले में पड़ी नोटों की माला छीन ली। विवाद की शुरुआत डीजे पर जाति विशेष से जुड़ा गाना बजने से हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पूरी रात और सुबह शादी की रस्में पूरी कराई।
विज्ञापन


गांव वीरभान निवासी सुरेंद्र कुमार की पुत्री किरण की शादी के लिए मलपुरा क्षेत्र के नगला प्रताप से बरात आई थी। द्वारचार के लिए बरात दुल्हन के घर की ओर जा रही थी। दरवाजे से सौ मीटर पहले बराती नाचते-गाते जा रहे थे। हर तरफ उल्लास का माहौल रहा। डीजे पर जाति से संबंधित गाना बजते ही दूसरे पक्ष ने आपत्ति की। इससे विवाद शुरू हो गया।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि गांव के ही दूसरे समाज के कुछ युवकों ने विरोध जताया और बाहर से अन्य सजातीय लोगों को बुलाकर बरात में बवाल कर दिया। आरोपियों ने पहले दूल्हे की घोड़ी को लात मारी। संतुलन बिगड़ने से दूल्हा घोड़ी समेत नीचे गिर गया। दूल्हे को पीटते हुए गले में पड़ी नोटोंं की माला छीन ली गई। अचानक हुए इस हमले से बरात में अफरातफरी मच गई।
विज्ञापन


विवाद के दौरान भीड़ जुटने और गाली-गलौज के कुछ वीडियो भी सामने आए हैं। सूचना मिलते ही जगनेर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। तनावपूर्ण माहौल के बीच पुलिस की मौजूदगी में रातभर और शुक्रवार दोपहर तक विवाह की रस्में संपन्न कराई गईं। शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे बरात की विदाई हो सकी। इसके बाद भी गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।

बरात निकलने के दौरान नशे में कुछ युवकों के बीच कहासुनी और मारपीट की बात सामने आई है। दुल्हन के पिता सुरेंद्र की तहरीर पर सात-आठ नामजद और कुछ अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट समेत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। वीडियो व अन्य साक्ष्यों के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। -सुनीता चौहान, एसीपी खेरागढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें