Accident in Sehore: सीहोर जिले में आष्टा-शुजालपुर मार्ग पर ट्रक और बुलेरो की आमने-सामने की भीषण टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि चार गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और जांच प्रारंभ कर दी।
मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में सोमवार दोपहर हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। इलाज की उम्मीद लेकर निकला एक परिवार कुछ ही पलों में हादसे का शिकार हो गया। आष्टा-शुजालपुर मार्ग पर ग्राम मेना गोदी के पास तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रही बोलेरो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी लोग राजगढ़ जिले के कालीपीठ थाना क्षेत्र के भियापुरा गांव के निवासी थे और अपने परिवार के एक मानसिक रूप से बीमार सदस्य का इलाज कराने आष्टा जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार हादसा सोमवार दोपहर करीब 2:45 बजे आष्टा और शुजालपुर के बीच मेना गोदी गांव के पास हुआ। बोलेरो जैसे ही गोदी जोड़ के समीप पहुंची, सामने से तेज गति से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने उसे सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गए। बताया जा रहा है कि ट्रक आष्टा से शुजालपुर तरफ जा रहा था, वहीं बोलेरो आष्टा होते हुए खातेगांव जा रही थी।
बोलेरो में सवार थे नौ लोग
पुलिस के अनुसार बोलेरो में कुल नौ लोग सवार थे। इनमें राजाराम (45), भगवान (50), इंदर सिंह (55), राधेश्याम (30), बनेसिंह (22), गुलाबचंद्र (30), हेमराज (25), देवीराम (60) और चालक अमर सिंह (45) शामिल थे। सभी राजगढ़ जिले के भियापुरा गांव के निवासी थे। परिवार अपने मानसिक रूप से अस्वस्थ एक सदस्य का उपचार कराने आष्टा जा रहा था, लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।
पांच की मौके पर मौत, चार घायल
हादसे में पांच लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों के सिर, चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। दो लोगों के पैर टूटने की भी जानकारी सामने आई है। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को पहले आष्टा सिविल अस्पताल ले जाया गया। वहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें सीहोर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जबकि कुछ घायलों को बेहतर उपचार के लिए भोपाल भेजा गया।
चीख-पुकार के बीच चला राहत एवं बचाव कार्य
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही आष्टा थाना पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और 108 एंबुलेंस की टीम भी मौके पर पहुंच गई। बोलेरो इतनी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी कि उसमें फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए वाहन को काटना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद शवों और घायलों को बाहर निकाला गया।
तीन लोग दूर जाकर गिरे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो में सवार तीन लोग करीब 15 से 20 फीट दूर जाकर गिरे। चालक का शव वाहन के अंदर ही फंसा हुआ मिला।सड़क पर चारों ओर वाहन के टूटे हुए हिस्से, खून और मलबा बिखरा पड़ा था। हादसे का दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
ट्रक जब्त, चालक फरार
आष्टा एसडीओपी दामोदर गुप्ता ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान और अन्य कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक जब्त कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। वहीं, शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।