शहर में मौसम का मिजाज अब धीरे-धीरे बदलने लगा है। दिन में तेज धूप और गर्मी का असर कम होने लगा है, वहीं शाम होते ही ठंड महसूस होने लगी है। उत्तर-पूर्वी हवा चलने से तापमान में गिरावट का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। रात के साथ सुबह के समय भी ठंडक बढ़ रही है। मौसम में आए इस बदलाव के कारण लोगों को अब दिन की गर्मी से राहत मिलने लगी है। गुरुवार को भी सुबह तेज ठंड रही और दोपहर में तेज धूप रही। हालांकि हवाओं में ठंडक के कारण सूरज की तपिश कम लगी। इंदौर में गुरुवार को दिन का तापमान 31.6 और रात का 11.1 डिग्री रहा।
रात के तापमान में आई गिरावट
बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं मंगलवार रात न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3 डिग्री कम था। रात के तापमान में आई इस गिरावट के कारण सुबह और शाम के समय ठंड का अहसास बढ़ गया है। खासकर शाम ढलने के बाद खुले स्थानों पर ठंडी हवा महसूस हो रही है।
हवा की दिशा बदलने से बढ़ी ठंडक
मौसम में बदलाव की एक प्रमुख वजह हवा की दिशा में परिवर्तन भी है। अब हवा उत्तर-पूर्वी दिशा से चल रही हैं। इन हवाओं के कारण वातावरण में ठंडक बढ़ रही है। दिन में भी पहले जैसी तपिश महसूस नहीं हो रही है। दोपहर के समय धूप निकलने के बावजूद गर्मी का असर अपेक्षाकृत कम है।
शाम से सुबह तक ठंडक का असर
मौसम के इस बदलाव में दिन और रात के तापमान का अंतर भी महत्वपूर्ण है। दिन में धूप के कारण हल्की गर्माहट रहती है, लेकिन सूर्यास्त के बाद तापमान गिरने से ठंड महसूस होने लगती है। रात का पारा सामान्य से नीचे रहने के कारण सुबह तक इसका असर बना रहता है। आने वाले दिनों में भी हवा की दिशा और तापमान में होने वाले बदलाव से ठंड का असर बढ़ने की संभावना रहेगी। फिलहाल शहर में मौसम का मिजाज दिन में हल्की गर्माहट और शाम से सुबह तक ठंडक वाला बना हुआ है।