टनल से सफर शुरू होने के बाद वाहन मौजूदा नेशनल हाईवे के सबसे ज्यादा भूस्खलन प्रभावित हिस्से को बाईपास करते हुए गंतव्य तक पहुंचेंगे। पैकेज-दो के अंतर्गत ट्विन ट्यूब टनल का निर्माण रामबन–बनिहाल खंड पर किया जा रहा है। इसमें 2565 मीटर लंबी नॉर्थबाउंड टनल (एनबीटी) और 3008 मीटर लंबी साउथबाउंड टनल (एसबीटी) शामिल हैं। ये सुरंगें डिगडोल और मगरकोट के बीच बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेंगी। रामबन-बनिहाल के बीच डिगडोल, खूनीनाला, पंथियाल, डिगडोल, मगरकोट भूस्खलन संभावित क्षेत्र हैं। यात्रियों को जोखिम भरे मार्ग से आवाजाही करने से राहत मिल जाएगी। टनल में मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल और प्लंबिंग (एमईपी) कार्य अंतिम चरण में हैं। कार्य पूरा होने के बाद यातायात को टनल के माध्यम से शुरू किया जाएगा। एनएचएआई के अधिकारी टनल की निगरानी कर रहे हैं।
एनएचएआई के क्षेत्रीय अधिकारी विशाल गौतम ने बताया कि टनल का निर्माण पूरा होने के बाद यात्रा के समय में कमी आएगी और भूस्खलन से जोखिम का खतरा भी कम हो जाएगा। कश्मीर घाटी की ओर आवाजाही करने वाले पर्यटकों, स्थानीय यात्रियों समेत सैन्य कर्मियों के लिए अधिक सुरक्षित, सुगम और विश्वसनीय कनेक्टिविटी सुनिश्चित होगी।
श्री अमरनाथ यात्रा और कारोबार में मददगार बनेगी टनल
नेशनल हाईवे पर शुरू होने जा रही यह टनल श्री अमरनाथ यात्रा के समय कारगर साबित होगी। यात्रा के दौरान रामबन में जाम की स्थिति रहती है। इससे बचने के लिए एनएचएआई समेत स्थानीय प्रशासन को अतिरिक्त इंतजाम करने पड़ते हैं। टनल बनने के बाद जाम की समस्या खत्म हो जाएगी। टनल का दूसरा बड़ा लाभ जम्मू और श्रीनगर के बीच होने वाले कारोबार में मिलेगा। जम्मू से जाने वाले ट्रकों को उधमपुर और श्रीनगर से आने वालों को बनिहाल में इंतजार नहीं करना होगा। श्रीनगर से सेब कारोबार को भी रफ्तार मिलने की उम्मीद है।