पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ इन दिनों अपने 'ऑरा इंडिया टूर 2026' को लेकर चर्चा में हैं। देश के अलग-अलग शहरों में उनके कॉन्सर्ट को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में अब दिलजीत मुंबई में अपना अगला कॉन्सर्ट करने जा रहे हैं।
27 नवंबर को मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में होने वाले इस म्यूजिक इवेंट में शामिल लोगों के लिए बुकमायशो ने कुछ जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत कॉन्सर्ट में कई चीजें ले जाने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।
इस लिस्ट में झंडे, बैनर, पोस्टर से लेकर पेन, डियोड्रेंट और मेकअप के सामान तक शामिल हैं। ऐसे में अगर आप भी दिलजीत के इस कॉन्सर्ट में जाने की तैयारी कर रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले प्रतिबंधित चीजों की यह लिस्ट जरूर देख लें।
दिलजीत दोसांझ
- फोटो : इंस्टाग्राम @diljitdosanjh
झंडे और बैनर ले जाने पर रोक
बुकमायशो की तरफ से जारी दिशा-निर्देशों के मुताबिक, कॉन्सर्ट में किसी भी तरह के झंडे, बैनर, साइन और पोस्टर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। यहां तक कि हाथ से बनाए गए पोस्टर और बैनर भी अंदर नहीं ले जा सकेंगे।
यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब कुछ महीने पहले कनाडा के कैलगरी में दिलजीत के कॉन्सर्ट के दौरान खालिस्तान समर्थक झंडे दिखाए जाने पर विवाद हुआ था। मई में हुए इस कार्यक्रम में दिलजीत ने कथित तौर पर अपनी सिक्योरिटी टीम से झंडे लेकर आए लोगों को हटाने के लिए कहा था। इसके बाद पंजाबी समुदाय के कुछ लोगों ने उनकी आलोचना भी की थी।
हालांकि, बाद में दिलजीत ने सोशल मीडिया पर अपनी बात रखते हुए सफाई दी थी। उन्होंने पंजाबी भाषा में किए गए एक इंस्टाग्राम पोस्ट में कहा था कि फैंस अक्सर अपने शहर या देश का नाम बताने और समर्थन जताने के लिए बैनर या झंडे लेकर आते हैं। उन्हें इससे कोई परेशानी नहीं है। लेकिन अगर कोई इन्हीं बैनर का इस्तेमाल वेन्यू के बाहर उनके फैंस को गाली देने या परेशान करने के लिए करता है और फिर उसी हरकत को कॉन्सर्ट के अंदर दोहराने की कोशिश करता है, तो वह इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे।
दिलजीत दोसांझ
- फोटो : इंस्टाग्राम @diljitdosanjh
दिलजीत के मुंबई कॉन्सर्ट में इन चीजों पर रहेगी पाबंदी
बुकमायशो ने कॉन्सर्ट में आने वाले लोगों के लिए प्रतिबंधित चीजों की पूरी लिस्ट जारी की है। इसमें शामिल हैं:
- झंडे, बैनर और पोस्टर: किसी भी तरह के झंडे, साइन, बैनर और पोस्टर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। हाथ से बनाए गए पोस्टर भी प्रतिबंधित हैं।
- नुकीली चीजें: चाकू, ब्लेड, नुकीली ज्वेलरी और अन्य खतरनाक वस्तुएं अंदर नहीं ले जा सकेंगे।
- लिखने और आग जलाने का सामान: पेन, मार्कर, लाइटर और लेजर पॉइंटर ले जाने पर रोक है।
- फेंकने वाली चीजें: पानी से भरे गुब्बारे, अंडे और इस तरह की अन्य चीजें प्रतिबंधित हैं।
- पर्सनल केयर प्रोडक्ट्स: एयरोसोल, स्प्रे सनस्क्रीन, डियोड्रेंट और क्रीम समेत मेकअप के सामान ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
- बोतलें और छाते: कांच, धातु या प्लास्टिक की खाली बोतलें और छाते अंदर नहीं ले जा सकेंगे।
- इलेक्ट्रॉनिक और रिकॉर्डिंग उपकरण: प्रोफेशनल कैमरे, ट्राइपॉड, सेल्फी स्टिक, गोप्रो, ड्रोन और अन्य रिकॉर्डिंग डिवाइस प्रतिबंधित हैं।
- बैग और गैजेट्स: बड़े बैग, बैकपैक, लैपटॉप और टैबलेट ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
दिलजीत दोसांझ
- फोटो : इंस्टाग्राम @diljitdosanjh
इन बातों का भी रखें ध्यान
हालांकि, कॉन्सर्ट में पावर बैंक ले जाने की अनुमति दी गई है। वहीं, अगर किसी व्यक्ति को दवाइयां साथ ले जानी हैं, तो उसके पास वैध मेडिकल प्रिस्क्रिप्शन होना जरूरी है। इसके अलावा सभी लोगों को पहचान के लिए सरकार की ओर से जारी वैध फोटो आईडी साथ रखने की सलाह दी गई है।
आयोजकों ने कॉन्सर्ट में आने वाले लोगों से समय से पहले वेन्यू पहुंचने और मौके पर मौजूद स्टाफ के निर्देशों का पालन करने को भी कहा है, ताकि एंट्री के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। बता दें कि दिलजीत दोसांझ का मुंबई कॉन्सर्ट के बाद 29 नवंबर को बेंगलुरु में परफॉर्म करेंगे।
दिलजीत दोसांझ
- फोटो : इंस्टाग्राम @diljitdosanjh
कॉन्सर्ट से पहले मिली धमकी
दिलजीत दोसांझ के मुंबई कॉन्सर्ट को धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। महालक्ष्मी रेसकोर्स में होने वाले कॉन्सर्ट के लिए मुंबई पुलिस के 500 से ज्यादा जवान तैनात किए जाएंगे। अधिकारियों के मुताबिक, गुरुवार को मिले ईमेल में मेयर ऑफिस, मेट्रो स्टेशन और कॉन्सर्ट स्थल पर धमाके, ग्रेनेड हमले और IED लगाने की धमकी दी गई थी। यह ईमेल 26/11 मुंबई आतंकी हमले की बरसी के दिन मिला था।
ईमेल भेजने वाले ने खुद की पहचान हन्ना मेलर के तौर पर बताई थी और इसमें खालिस्तान, 1984 के सिख विरोधी दंगों और दिलजीत दोसांझ से जुड़े कार्यक्रम को लेकर हिंसा की धमकियों का जिक्र था। बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड की टीम कार्यक्रम स्थल की जांच कर चुकी है और एंट्री के लिए तीन के बजाय सभी पांच गेट पर चेकिंग की जाएगी।
नहीं मिलेगी पार्किंग की अनुमति
सुरक्षा के लिए करीब 200 कॉन्स्टेबल, 150 महिला कॉन्स्टेबल और 75 अधिकारियों के अलावा सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी भी तैनात रहेंगे। कार्यक्रम स्थल पर डॉग स्क्वॉड और एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम भी मौजूद रहेगी। रेसकोर्स के आसपास 500 से 700 मीटर तक नो-कार जोन लागू किया जाएगा और कार्यक्रम में पार्किंग की अनुमति नहीं होगी। हालांकि, फिलहाल सड़क डायवर्जन की घोषणा नहीं की गई है। सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत आयोजकों को दिलजीत के होटल और उनके पहुंचने के समय की जानकारी सार्वजनिक नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं।