हजारों परिवारों को मिलेगी अपने क्षेत्र में सुविधा
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। एनआईटी के वार्ड-11 में रहने वाले हजारों परिवारों को जल्द ही सामाजिक और पारिवारिक आयोजनों के लिए अपने क्षेत्र में आधुनिक कम्युनिटी सेंटर की सुविधा मिलेगी। नगर निगम ने एडी ग्राउंड में करीब 1.92 करोड़ रुपये की लागत से कम्युनिटी सेंटर बनाने की परियोजना शुरू कर दी है। इसके बनने से आसपास की कॉलोनियों के लोगों को शादी-विवाह, सगाई, धार्मिक कार्यक्रम, सामाजिक बैठकों और अन्य आयोजनों के लिए दूसरे क्षेत्रों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
एनआईटी शहर के सबसे घनी आबादी वाले और व्यावसायिक रूप से विकसित इलाकों में शामिल है। यहां निजी बैंक्वेट हॉल का किराया आम परिवारों की पहुंच से बाहर होता है। वहीं सरकारी सामुदायिक भवन भी आसपास पर्याप्त संख्या में उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में अधिकांश लोगों को अधिक खर्च उठाकर निजी स्थान बुक कराने पड़ते हैं। नया कम्युनिटी सेंटर बनने के बाद स्थानीय परिवारों को कम लागत में अपने ही क्षेत्र में आयोजन करने की सुविधा मिल सकेगी।
हजारों परिवारों को मिलेगा सीधा लाभ
वार्ड-11 के अलावा आसपास की कई कॉलोनियों के लोग भी इस कम्युनिटी सेंटर का उपयोग कर सकेंगे। शादी-विवाह, पारिवारिक समारोह, सांस्कृतिक कार्यक्रम, सामाजिक बैठकें और विभिन्न सामुदायिक गतिविधियां एक ही स्थान पर आयोजित हो सकेंगी। इससे समय और परिवहन खर्च की बचत होगी तथा बुजुर्गों और महिलाओं को भी सुविधा मिलेगी।
सामुदायिक गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से एक बड़े सामुदायिक भवन की जरूरत महसूस की जा रही थी। कम्युनिटी सेंटर बनने से सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए स्थायी स्थान उपलब्ध होगा। स्थानीय संगठन, आरडब्ल्यूए और सामाजिक संस्थाएं भी यहां अपने कार्यक्रम आयोजित कर सकेंगी।
लोगों की सुविधाओं के लिए नगर निगम की तरफ से लगातार काम किया जा रहा है। जल्द इस परियोजना को भी पूरा कर लिया जाएगा।
धीरेंद्र खड़गटा, निगम आयुक्त