भारत मंडपम में आयोजित 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले का शुक्रवार को समापन हो गया। 14 से 27 नवंबर तक चले इस 14 दिवसीय आयोजन में करीब 10 लाख दर्शक पहुंचे। भारतीय व्यापार संवर्धन संगठन (आईटीपीओ) के अनुसार, समापन दिवस पर भी करीब 90 हजार लोगों ने मेले का रुख किया। इस बार मेले में पिछले साल के मुकाबले दर्शकों की संख्या में करीब 44 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।
हालांकि, टिकट बिक्री से होने वाली आय में 36 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। मेले में इस बार 32 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ 11 देशों ने भागीदारी की। यहां देश के विभिन्न हिस्सों के हस्तशिल्प, हथकरघा, क्षेत्रीय उत्पाद, खानपान और आधुनिक तकनीक को एक ही मंच पर देखने और खरीदने का अवसर मिला।
छोटे कारोबारियों, कारीगरों, स्टार्टअप और क्षेत्रीय उत्पाद बनाने वाले उद्यमियों के लिए भी यह आयोजन अपने उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने का माध्यम बना। खुदरा बिक्री के अलावा थोक खरीदारों और संभावित कारोबारी साझेदारों से संपर्क बनाने पर भी जोर रहा।
टिकट बिक्री से आय में बढ़ोतरी
इस बार मेले की कारोबारी तस्वीर टिकट बिक्री के आंकड़ों में भी दिखाई दी। आईटीपीओ के चेयरमैन जवेद अशरफ के अनुसार, 25 नवंबर तक टिकट बिक्री से करीब 7.5 करोड़ रुपये की आय हुई। पिछले साल इसी अवधि में यह आंकड़ा करीब 5.5 करोड़ रुपये था। इस तरह टिकट बिक्री से होने वाली आय में लगभग 36 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई। दर्शकों की संख्या में कमी के बावजूद टिकट से आय बढ़ना मेले के आंकड़ों का एक अहम पहलू रहा।
आखिरी दिन भी रही खरीदारी की रौनक
समापन दिवस पर मेले में खरीदारों की अच्छी आवाजाही रही। आखिरी दिन होने के कारण कई स्टॉल पर ग्राहकों की भीड़ उमड़ी। कारोबारियों ने बचा हुआ सामान बेचने और ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए विशेष छूट और ऑफर दिए। कई स्टॉल पर 50 से 70 फीसदी तक की छूट पर उत्पाद उपलब्ध कराए गए। वहीं, विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक झांकियों और पारंपरिक उत्पादों ने भी दर्शकों का ध्यान खींचा।
पिछले साल के मुकाबले 44 फीसदी की रही कमी
पिछले साल आयोजित 44वें व्यापार मेले में 18 लाख से अधिक दर्शक पहुंचे थे, जबकि इस बार यह संख्या करीब 10 लाख रही। यानी दर्शकों की संख्या में लगभग 44 फीसदी की कमी आई। हालांकि, भागीदारी के लिहाज से इस बार 32 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने हिस्सा लिया, जबकि पिछले साल इनकी संख्या 31 थी। दोनों वर्षों में 11 विदेशी देशों की भागीदारी रही। प्रदर्शकों की संख्या भी 3500 से अधिक रही। इस तरह मेले में भागीदारी और टिकट आय के आंकड़े उत्साहजनक रहे, लेकिन दर्शकों की कुल संख्या पिछले साल के मुकाबले काफी कम रही।
आखिरी दिन 70 फीसदी तक छूट का मिला ऑफर
व्यापार मेले का शुक्रवार को समापन हो गया। मेले के आखिरी दिन खरीदारी से लेकर झांकियों तक हर तरफ रौनक दिखाई दी। स्टॉल संचालकों ने ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए 70 फीसदी तक छूट के ऑफर दिए। इसका असर भी दिखा। कपड़े, ज्वेलरी, हस्तशिल्प, सजावटी सामान और घरेलू उपयोग की वस्तुओं के स्टॉल पर लोग खरीदारी करते नजर आए। कई स्टॉल पर ग्राहक ऑफर की जानकारी लेते और सामान की कीमतों को लेकर मोलभाव करते दिखे।
आखिरी दिन होने के कारण कारोबारियों ने भी बिक्री बढ़ाने के लिए विशेष पेशकश की। कहीं चुनिंदा उत्पादों पर भारी छूट दी गई तो कहीं कॉम्बो ऑफर और एक के साथ एक उत्पाद मुफ्त देने की योजना रखी गई। कई ग्राहक ऐसे भी पहुंचे, जिन्होंने पहले मेले में उत्पाद पसंद किए थे, लेकिन खरीदारी आखिरी दिन के लिए टाल दी थी। उन्हें उम्मीद थी कि समापन पर बेहतर ऑफर मिलेंगे।